कर्नाटक के कलबुर्गी जिले के आलंद तालुक स्थित मटकी टांडा में पारिवारिक कलह ने एक बेहद दर्दनाक और दहला देने वाला रूप ले लिया. पुणे की एक स्टोन खदान में रॉक-ब्लास्टिंग का काम करने वाले 49 वर्षीय शिवलाल बलिराम राठौड़ ने गुस्से में आकर ऐसा खौफनाक कदम उठाया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. पति-पत्नी के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद के कारण पत्नी सविता अपने बच्चों के साथ कुछ समय पहले ही घर छोड़कर एक रिश्तेदार के यहां रहने लगी थी. इसी रंजिश के चलते मंगलवार की सुबह शिवलाल वहां पहुंचा, जहां तीखी नोकझोंक के बाद उसने अपनी कमर में विस्फोटक बांधकर खुद को और अपनी 15 वर्षीय बेटी वीरा को उड़ा लिया. इस भयानक धमाके में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी, बेटे और रिश्तेदारों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

पति-पत्नी के बीच चल रहा था विवाद, पत्नी ने छोड़ दिया था घर

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक 49 वर्षीय शिवलाल बलिराम राठौड़ और उसकी 40 वर्षीय पत्नी सविता शिवलाल राठौड़ के बीच पिछले कुछ समय से पारिवारिक मतभेद और आए दिन झगड़े चल रहे थे. इन लगातार विवादों से परेशान होकर सविता अपने घर से निकल गई थी और अपने बच्चों के साथ एक रिश्तेदार के घर रहने लगी थी. बताया जा रहा है कि शिवलाल पुणे के पास एक स्टोन खदान में काम करता था, जहां वह चट्टानों को उड़ाने के लिए इस्तेमाल होने वाले विसफोटक पदार्थों के संपर्क में था और उसे इसकी आसानी से पहुंच थी.

पुणे से आया और रिश्तेदार के घर को बना दिया खंडहर

मंगलवार की सुबह शिवलाल पुणे से सीधे उस रिश्तेदार के घर जा पहुंचा जहां उसकी पत्नी और बच्चे रह रहे थे. वहां पहुंचते ही दोनों के बीच तीखी बहस और कहासुनी शुरू हो गई. गुस्से और सनक में अंधे हो चुके शिवलाल ने कथित तौर पर अपने साथ लाया गया एक शक्तिशाली विस्फोटक उपकरण अपनी कमर के चारों ओर बांध लिया. इसके बाद उसने घर के अंदर घुसकर दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और खुद को और अपने परिवार को मौत के मुंह में धकेलते हुए जोरदार धमाका कर दिया.

पिता और बेटी की मौके पर ही मौत, शरीर के उड़े चिथड़े

यह विस्फोट इतना भयानक था कि इसकी गूंज से पूरा इलाका दहल उठा और आसपास के लोगों में भारी दहशत फैल गई. इस भीषण हादसे में शिवलाल राठौड़ और उसकी 15 वर्षीय बेटी वीरा शिवलाल राठौड़ की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. धमाका इतना जबरदस्त था कि शिवलाल का शरीर पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया. इसके अलावा, इस जोरदार धमाके की चपेट में आने से आसपास के मकानों को भी भारी नुकसान पहुंचा और दो अन्य पड़ोसी मामूली रूप से घायल हो गए.

पांच लोग गंभीर रूप से अस्पताल में भर्ती, पुलिस जांच में जुटी

इस सनसनीखेज घटना में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए कलबुर्गी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घायलों में आरोपी की पत्नी सविता शिवलाल राठौड़, उनका 19 वर्षीय बेटा प्रकाश शिवलाल राठौड़, रिश्तेदार 30 वर्षीय सुरेखा चव्हाण, उनका 12 वर्षीय बेटा विवेक चव्हाण और एक अन्य व्यक्ति नितेश शामिल हैं. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आपातकालीन दल तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आलंद पुलिस स्टेशन में इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इस भयानक त्रासदी के हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है.