सर्दियों की ठंडी सुबह में घर से बाहर निकलते ही मुंह से सफेद धुआंसा निकलने लगता है. बच्चे इसे सिगरेट का धुआं समझकर खेलते हैं और बड़े भी अनजाने में इसे देखकर मुस्कुरा देते हैं. लेकिन यह न धुआं है, न पूरी तरह भाप. यह विज्ञान की एक सामान्य प्रक्रिया है, जिसे संघनन कहते हैं.

हमारे फेफड़ों और सांस की नलियों की भीतरी परत हमेशा नम रहती है. जब हम सांस लेते हैं, तो हवा इस नमी से होकर गुजरती है और शरीर के तापमान तक गर्म हो जाती है. इसलिए बाहर निकलने वाली सांस गर्म होती है और उसमें पानी की वाष्प भरपूर होती है. उसकी नमी लगभग 100 फीसदी के आसपास होती है. यह वाष्प गैस के रूप में होती है, इसलिए आंखों से दिखाई नहीं देती. यानी सांस में पानी तो हर मौसम में होता है, फर्क बस इतना है कि वह हमेशा नजर नहीं आता.
ठंडी हवा में क्या होता है?
इसका असली राज हवा की पानी रोकने की क्षमता में छिपा है. गर्म हवा ज्यादा नमी अपने भीतर रख सकती है, जबकि ठंडी हवा कम. जब हमारी गर्म और नमी से भरी सांस सर्दी की ठंडी हवा के संपर्क में आती है, तो वह तेजी से ठंडी होने लगती है. तापमान एक खास स्तर से नीचे गिरते ही, जिसे ओसांक यानी ड्यू पॉइंट कहते हैं, हवा अतिरिक्त वाष्प को गैस के रूप में नहीं रोक पाती.
तब वाष्प पानी की बेहद छोटीछोटी बूंदों में बदल जाती है. ये बूंदें इतनी हल्की होती हैं कि हवा में तैरती रहती हैं और रोशनी को चारों ओर बिखेर देती हैं. इसी वजह से हमें सफेद धुंध जैसी आकृति दिखाई देती है. बादल और कोहरा बनने की प्रक्रिया भी लगभग यही है. फर्क बस इतना है कि हमारे मुंह के सामने यह मिनी बादल कुछ ही सेकंड के लिए बनता है.
तो क्या यह भाप है?
वैज्ञानिक नजरिए से देखें तो असली भाप या वाष्प अदृश्य गैस होती है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सर्दियों में जो सफेद गुबार दिखता है, वह दरअसल पानी की सूक्ष्म बूंदों का समूह है. चाय की केतली से निकलती सफेद “भाप” भी यही है. गर्म पानी से निकली अदृश्य वाष्प ठंडी हवा में आते ही बूंदों में बदल जाती है. आम बोलचाल में हम इसे भाप ही कहते हैं और यह कहना गलत भी नहीं है.
गर्मियों में क्यों नहीं दिखती?
गर्मियों में भी हमारी सांस उतनी ही नम और गर्म होती है, लेकिन बाहर की हवा भी गर्म होती है. ऐसे में सांस का तापमान ओसांक से नीचे नहीं जा पाता और वाष्प गैस के रूप में ही बनी रहती है. इसलिए कुछ दिखाई नहीं देता. यही कारण है कि सर्दियों में भी जिस दिन तापमान थोड़ा ज्यादा होता है, भाप कम दिखती है.
हर दिन एक जैसी क्यों नहीं दिखती?
सांस की भाप कितनी साफ दिखेगी, यह दो बातों पर निर्भर करता है बाहर का तापमान और हवा में नमी.
- तापमान जितना कम, भाप उतनी घनी: ठंड जितनी ज्यादा होगी, उतनी ज्यादा वाष्प बूंदों में बदलेगी.
- हवा में नमी का असर: अगर बाहर की हवा बहुत सूखी है, तो बनी हुई बूंदें जल्दी फिर वाष्प बन जाती हैं और भाप तुरंत गायब हो जाती है. नम और कोहरे वाले दिनों में यह कुछ ज्यादा देर तक टिकती है.
आमतौर पर जब तापमान काफी नीचे चला जाता है, तब सांस की भाप साफ दिखने लगती है. पहाड़ी इलाकों में यह नजारा बहुत आम है.
कुछ और दिलचस्प उदाहरण
यही सिद्धांत रोजमर्रा की कई चीजों में दिखता है
- कार का साइलेंसर: ठंडी सुबह में गाड़ी के साइलेंसर से सफेद धुआं निकलता है. ईंधन जलने पर पानी की वाष्प भी बनती है, जो ठंडी हवा में बूंदों में बदल जाती है.
- हवाई जहाज के पीछे सफेद लकीरें: ऊंचाई पर बेहद ठंडी हवा में इंजन से निकली गर्म, नम गैस जमकर ये लकीरें बनाती हैं, जिन्हें कंट्रेल कहते हैं.
- शीशे पर जमी नमी: ठंडे शीशे पर सांस छोड़ने से वह धुंधला हो जाता है. यहां भी गर्म वाष्प ठंडी सतह पर बूंदों में बदल जाती है.


