
झारखंड के चाईबासा जिले से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. पांड्रासाली थाना क्षेत्र के तुंगी गांव में 40 वर्षीय गुरुवारी हांसदा का शव उनके ही घर के कमरे की जमीन के नीचे दबा मिला. आरोप है कि महिला के पति राम हांसदा ने उनकी हत्या करने के बाद शव को घर के अंदर गाड़ दिया. मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कर शव निकाला गया.
पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. गुरुवारी हांसदा पिछले चार दिनों से लापता थीं. उनकी तलाश कर रही बेटियों को घर की दीवारों पर खून के सूखे निशान दिखाई दिए. इसके बाद शक गहराया और मामला ग्रामीण मुंडा के जरिए पुलिस तक पहुंचा.
6 पॉइंट्स में जानें पूरी वारदात
1. चाईबासा जिले के तुंगी गांव की रहने वाली गुरुवारी हांसदा अचानक अपने गांव में दिखाई देना बंद हो गई थीं. चार दिनों तक उनका कोई पता नहीं चला तो पड़ोसियों को चिंता हुई. उन्होंने फोन करके महिला की शादीशुदा बेटियों को इसकी जानकारी दी. सूचना मिलते ही बेटियां अपने मायके पहुंचीं और मां की तलाश शुरू की.
2. मां के बारे में पूछने पर बेटियों को पिता राम हांसदा से संतोषजनक जवाब नहीं मिला. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आरोप है कि वह सवालों के जवाब टाल रहे थे और कमरे का ताला खोलने के लिए चाबी देने से भी इनकार कर रहे थे. बेटियों ने यह भी देखा कि उनकी मां का मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा था. घर में मिले संदिग्ध निशानों और पिता के व्यवहार से उनका शक बढ़ गया. इसके बाद उन्होंने गांव के ग्रामीण मुंडा को पूरी घटना की जानकारी दी.
3. मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुंगी गांव पहुंची और घर को अपने नियंत्रण में लेकर जांच शुरू की. घर की तलाशी के दौरान एक कमरे के फर्श पर पुलिस को संदेह हुआ. इसके बाद मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में संदिग्ध जगह की खुदाई कराई गई. जमीन के अंदर से गुरुवारी हांसदा का सड़ा-गला शव बरामद हुआ. शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई.
4. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतका के पति राम हांसदा को हिरासत में लिया है. शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने दावा किया कि उसकी पत्नी की मौत बीमारी के कारण हुई थी और इसके बाद उसने शव को घर में दफना दिया. हालांकि, पुलिस को महिला के गले और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं.
5. मृतका की बेटी नागेश्वरी जागरई के मुताबिक, उनके माता-पिता घर में अकेले रहते थे. परिवार में तीन बहनें और दो भाई हैं। तीनों बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि दोनों भाई घर से बाहर रहकर काम करते हैं. बेटी ने आरोप लगाया कि उनके पिता कोई काम नहीं करते थे और घर पर ही रहते थे, जबकि उनकी मां पूरे परिवार के भरण-पोषण की व्यवस्था करती थीं.
6. गुरुवारी हांसदा की मौत के पीछे की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना कब और किन परिस्थितियों में हुई. महिला के शरीर पर मिले चोट के निशान, घर की दीवारों पर खून के सूखे धब्बे और शव को जमीन में दबाने की परिस्थितियां जांच का अहम हिस्सा हैं. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी.



