देश की इकोनॉमी के लिए फॉरेक्स मोर्च पर लगातार 5वें हफ्ते बेहद अच्छी खबर आई है. देश के मुद्रा भंडार में 10.5 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है. जबकि लगातार 5 हफ्तों में करीब 26 बिलियन डॉलर यानी 2.5 लाख करोड़ रुपए की बढ़ोतरी देखने को मिल चुकी है. जब से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आम लोगों से सोना कम खरीदने और इंपोर्ट से जुड़े सामान की खरीद कम करने की अपील की है. उसके बाद से देश के फॉरेक्स बढ़ोतरी देखी गई है. वहीं दूसरी ओर गोल्ड रिजर्व में भी काफी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर आरबीआई की ओर से किस तरह के आंकड़े सामने रखे गए हैं..

देश के फॉरेक्स में जबरदस्त इजाफा
RBI ने शुक्रवार को बताया कि 31 जुलाई को खत्म हुए हफ्ते में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 10.512 अरब डॉलर बढ़कर 692.866 अरब डॉलर हो गया. इससे पहले वाले हफ़्ते में कुल भंडार 6.118 अरब डॉलर बढ़कर 682.354 अरब डॉलर हो गया था. ये लगातार 5वां हफ्ता है जब देश के फॉरेक्स रिजर्व में इजाफा देखने को मिला है.
26 जून को समाप्त सप्ताह में देश के फॉरेक्स रिजर्व में गिरावट देखने को मिली थी और आंकंड़ा 666.93 अरब डॉलर डॉलर पर आ गया था. उसके बाद से अब तक फॉरेक्स में 25.94 अरब डॉलर का इजाफा देखने को मिल चुका है.
इस साल 27 फरवरी को खत्म हुए हफ़्ते में भंडार बढ़कर 728.494 अरब डॉलर के अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया था. इसके बाद पश्चिम एशिया में संघर्ष शुरू होने और रुपये पर दबाव पड़ने के कारण कई हफ़्तों तक इसमें गिरावट आई और RBI को डॉलर बेचकर विदेशी मुद्रा बाज़ार में दखल देना पड़ा.
असेट्स और गोल्ड रिजर्व में भी आई तेजी
- केंद्रीय बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, 31 जुलाई को खत्म हुए हफ़्ते में भंडार का एक बड़ा हिस्सा, विदेशी मुद्रा संपत्ति, 8.75 अरब डॉलर बढ़कर 564.68 अरब डॉलर हो गई.
- डॉलर के हिसाब से, विदेशी मुद्रा संपत्ति में विदेशी मुद्रा भंडार में रखी गैरअमेरिकी मुद्राओं के मूल्य में उतारचढ़ाव का असर भी शामिल होता है.
- याद दिला दें कि पिछले महीने केंद्रीय बैंक और सरकार ने देश में विदेशी मुद्रा का प्रवाह बढ़ाने के लिए कई उपाय शुरू किए थे, जिनमें FCNR उपाय भी शामिल था.
- रिपोर्ट के मुताबिक, आरबीआई की इन योजनाओं के तहत देश को अब तक 32 अरब डॉलर मिले हैं. जिसमें सबसे बड़ा हाथ FCNRB स्कीम का रहा है.
- RBI ने बताया कि इस हफ़्ते सोने के भंडार का मूल्य 1.685 अरब डॉलर बढ़कर 104.743 अरब डॉलर हो गया.
- शीर्ष बैंक ने बताया कि स्पेशल ड्रॉइंग राइट्स 48 मिलियन डॉलर बढ़कर 18.666 अरब डॉलर हो गए.
- शीर्ष बैंक के आंकड़ों के मुताबिक, रिपोर्टिंग हफ़्ते के आखिर में IMF के पास भारत की रिज़र्व स्थिति भी 28 मिलियन डॉलर बढ़कर 4.778 अरब डॉलर हो गई.



