
Ways to Reduce High Uric Acid: सुबह उठते ही पैरों या उंगलियों के जोड़ों में तेज दर्द, सूजन और अकड़न महसूस होती है? चलने-फिरने में तकलीफ होने लगी है? अगर ऐसा बार-बार हो रहा है तो इसे सिर्फ थकान समझकर नजरअंदाज न करें. बढ़ा हुआ यूरिक एसिड भी इन परेशानियों की एक वजह हो सकता है. शरीर में यूरिक एसिड एक वेस्ट प्रोडक्ट के तौर पर बनता है, जिसे सामान्य स्थिति में किडनी पेशाब के जरिए बाहर निकाल देती है. लेकिन जब इसका स्तर बढ़ जाता है या शरीर इसे पर्याप्त मात्रा में बाहर नहीं निकाल पाता, तो यह क्रिस्टल के रूप में जोड़ों में जमा होकर गाउट जैसी समस्या पैदा कर सकता है.
यूरिक एसिड को नियंत्रित करने में दवाओं के साथ-साथ खान-पान और लाइफस्टाइल का भी महत्वपूर्ण योगदान होता है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। नोएडा की डाइटिशियन खुशबू शर्मा के मुताबिक, प्यूरीन से भरपूर कुछ खाद्य पदार्थों और अधिक शुगर वाली चीजों का सेवन कम करना हाई यूरिक एसिड वाले लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है.
आखिर यूरिक एसिड बढ़ता क्यों है?
यूरिक एसिड शरीर में प्यूरीन के टूटने से बनता है. प्यूरीन कई खाद्य पदार्थों में प्राकृतिक रूप से पाया जाता है. सामान्य स्थिति में किडनी अतिरिक्त यूरिक एसिड को बाहर निकाल देती है. लेकिन शरीर में इसका उत्पादन बढ़ने या किडनी द्वारा इसे पर्याप्त मात्रा में बाहर न निकाल पाने पर ब्लड में इसका स्तर बढ़ सकता है. लंबे समय तक हाई यूरिक एसिड रहने पर कुछ लोगों में गाउट के अटैक, जोड़ों में दर्द और सूजन जैसी परेशानियां हो सकती हैं.
डाइट से किन चीजों को बाहर करें?
1. रेड मीट और ऑर्गन मीट: बीफ, मटन जैसे रेड मीट और खासकर लिवर, किडनी जैसे ऑर्गन मीट में प्यूरीन की मात्रा अधिक होती है. इनका ज्यादा सेवन यूरिक एसिड और गाउट के जोखिम को बढ़ा सकता है. अगर आपका यूरिक एसिड बढ़ा हुआ है तो इनका सेवन सीमित करने के बारे में डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लें.
2. शराब से बनाएं दूरी: अगर यूरिक एसिड बढ़ा हुआ है तो शराब का सेवन समस्या को बढ़ा सकता है. खासकर बीयर गाउट के जोखिम से जुड़ी हुई है. अल्कोहल शरीर में यूरिक एसिड के मेटाबॉलिज्म और उसके उत्सर्जन को प्रभावित कर सकता है. इसलिए हाई यूरिक एसिड या गाउट वाले लोगों को शराब से बचने की सलाह दी जाती है.
3. मीठी और शुगर वाली ड्रिंक्स: सॉफ्ट ड्रिंक्स, मीठे पैकेज्ड पेय और अधिक फ्रक्टोज वाली ड्रिंक्स का नियमित सेवन भी यूरिक एसिड के स्तर को प्रभावित कर सकता है. इसलिए इनकी जगह सादा पानी और बिना अतिरिक्त चीनी वाले पेय बेहतर विकल्प हो सकते हैं.
पानी और लाइफस्टाइल भी जरूरी
यूरिक एसिड को मैनेज करने के लिए पर्याप्त पानी पीना, वजन को स्वस्थ सीमा में रखना और नियमित शारीरिक गतिविधि करना मददगार हो सकता है. हालांकि, हर व्यक्ति के लिए डाइट एक जैसी नहीं होती. कुछ लोग बिना लक्षणों के भी हाई यूरिक एसिड से ग्रस्त हो सकते हैं, जबकि कुछ में गाउट के लक्षण दिखाई दे सकते हैं.



