Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बेहद संवेदनशील माने जाने वाले हजरतगंज महिला थाने के भीतर ही एक महिला सिपाही के साथ मारपीट और अभद्रता करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. थाने में तैनात महिला सिपाही शशि प्रिया ने अपने ही पति भानु बाजपेई और जेठ अमित बाजपेई पर थाना परिसर में घुसकर हमला करने, ईंट से मारने और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए हैं. इस घटना ने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है. पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति, जेठ और अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

महिला सिपाही शशि प्रिया के मुताबिक, बीती 13 नवंबर को शाम करीब 5:15 बजे जब वह हजरतगंज महिला थाना परिसर में मौजूद थीं, तभी उनके पति भानु बाजपेई वहां पहुंचे और उन्हें ईंट से खींचकर मारा, जमकर मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पीड़िता ने अपनी शिकायत में यह भी बताया है कि इससे पहले 6 अक्टूबर की रात को भी उनके पति भानु बाजपेई और जेठ अमित बाजपेई महिला थाने पहुंचे थे और वहां मौजूद महिलाओं के साथ गालीगलौज की थी.

आरोप है कि 13 नवंबर की घटना के दौरान जब थाने में मौजूद अन्य पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने बीचबचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता और हाथापाई की.

थाने के भीतर महिला पुलिसकर्मी की सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना से आहत महिला सिपाही ने प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला सिपाही की तहरीर के आधार पर पति भानु बाजपेई, जेठ अमित बाजपेई और अन्य के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है. राजधानी के हजरतगंज जैसे वीआईपी इलाके के महिला थाने के अंदर घटित इस वारदात ने कानूनव्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों के बीच चर्चा है कि जब एक महिला थाने के परिसर के भीतर खुद एक महिला पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं है, तो न्याय की उम्मीद लेकर वहां पहुंचने वाली आम महिलाओं की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी?