फ्रांस के पेरिस के उत्तरपूर्व में स्थित बोंडी कभी दंगों, अपराध और बेरोजगारी जैसी समस्याओं के लिए चर्चा में रहता था. इसी इलाके से निकलकर किलियन एमबाप्पे ने दुनिया के सबसे सफल फुटबॉल खिलाड़ियों में अपनी पहचान बनाई. आज वह सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि कारोबार और ब्रांड एंडोर्समेंट के जरिए भी अरबों रुपये की कमाई कर रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनकी सालाना कमाई करीब 600 करोड़ रुपये के आसपास पहुंच चुकी है.

बचपन से मिला खेल का माहौल

एमबाप्पे का जन्म 20 दिसंबर 1998 को बोंडी में हुआ था. उनके पिता विल्फ्रिड एमबाप्पे फुटबॉल कोच रहे हैं, जबकि उनकी मां फाइजा लामारी पूर्व हैंडबॉल खिलाड़ी हैं. खेल का माहौल मिलने के कारण एमबाप्पे ने बचपन से ही फुटबॉल को अपना लक्ष्य बना लिया. कम उम्र में ही उनकी प्रतिभा सामने आने लगी और उन्होंने स्थानीय क्लबों से खेलते हुए फ्रांस की युवा टीमों में जगह बना ली.

क्लब फुटबॉल में मिली बड़ी सफलता

एमबाप्पे ने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत मोनाको से की. इसके बाद वह पेरिस सेंटजर्मेन पहुंचे, जहां उन्होंने कई घरेलू खिताब जीते और दुनिया के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल हुए. अब वह स्पेन के दिग्गज क्लब रियल मैड्रिड के लिए खेल रहे हैं. उनकी तेज रफ्तार, शानदार गोल करने की क्षमता और लगातार प्रदर्शन ने उन्हें फुटबॉल की सबसे बड़ी हस्तियों में शामिल कर दिया है.

सिर्फ खिलाड़ी नहीं, सफल कारोबारी भी

एमबाप्पे ने अपनी कमाई को सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रखा. उन्होंने अपनी फैमिली इन्वेस्टमेंट कंपनी KEWJF की स्थापना की है, जिसके जरिए वे अलगअलग क्षेत्रों में निवेश करते हैं. इसके अलावा उनकी प्रोडक्शन कंपनी Zebra Valley भी है, जो खेल, मनोरंजन और सामाजिक प्रभाव से जुड़े कंटेंट पर काम करती है. इससे उनकी आय के नए स्रोत तैयार हुए हैं और वह एक सफल बिजनेमैन के रूप में भी पहचान बना रहे हैं.

बड़े ब्रांड्स की पहली पसंद

मैदान के बाहर भी एमबाप्पे की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है. वह कई अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के ब्रांड एंबेसडर हैं. इनमें Hublot, Dior, Oakley, EA Sports, Accor, Porsche और Nike जैसे बड़े नाम शामिल हैं. इन कंपनियों के साथ उनके विज्ञापन और प्रचार समझौते उनकी कुल कमाई में बड़ा योगदान देते हैं.

युवाओं के लिए मिसाल

बोंडी जैसे चुनौतीपूर्ण माहौल से निकलकर वैश्विक सुपरस्टार बनने तक का एमबाप्पे का सफर इस बात का उदाहरण है कि प्रतिभा, मेहनत और सही दिशा मिलने पर कोई भी व्यक्ति अपनी परिस्थितियों को पीछे छोड़ सकता है. खेल, बिजनेस और ब्रांड वैल्यू—तीनों मोर्चों पर सफलता हासिल कर चुके एमबाप्पे आज दुनिया भर के युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं.