Godda News: बिहार के भागलपुर जिले की रहने वाली एक महिला के साथ झारखंड के गोड्डा जिले में गैंगरेप का मामला सामने आया है. आरोप है कि महिला का खोया हुआ मोबाइल फोन ढूंढ़ने और तांत्रिक से मिलवाकर मोबाइल वापस दिलाने का झांसा देकर पांच लोगों ने उसे अपने जाल में फंसाया. फिर उसके साथ गैंगरेप किया. घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

मोबाइल वापस दिलाने का दिया था झांसा

पुलिस के अनुसार, पीड़िता बिहार के भागलपुर जिले के सनोखर थाना क्षेत्र की रहने वाली है. महिला का मोबाइल फोन खो गया था. आरोप है कि कुछ लोगों ने उसे भरोसा दिलाया कि एक तांत्रिक की मदद से उसका खोया हुआ मोबाइल मिल सकता है. इसी बहाने उसे झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र में बुलाया गया, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया.

8 जुलाई को दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद पीड़िता ने 8 जुलाई को महागामा थाने में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गैंगरेप सहित संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया और जांच शुरू कर दी.

विशेष टीम बनाकर की गई कार्रवाई

गोड्डा के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ वरुण रजक के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पीड़िता से मिली जानकारी के आधार पर कई स्थानों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान घटना में शामिल पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया.

पांच आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. अकरम, नूर नबी, मोहम्मद यूसुफ, मोहम्मद आसिफ और खुर्शीद आलम के रूप में हुई है. सभी आरोपी महागामा थाना क्षेत्र के लौगाय गांव के निवासी बताए गए हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल किया गया एक ईरिक्शा भी बरामद किया है.

एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने कहा कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है. यदि जांच में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.