
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक की प्रेम कहानी लोगों को भावुक कर रही है. दावा है कि उसने अपनी प्रेमिका के सात साल तक कोमा में रहने के दौरान उसका इंतजार किया. लड़की के होश में आने पर युवक ने अस्पताल में उसकी मांग भरी. लोग इसे सच्चे प्यार की मिसाल बता रहे हैं.
Emotional Viral Video : प्यार में साथ निभाने और मुश्किल वक्त में एक-दूसरे का हाथ थामे रखने की बातें तो आपने खूब सुनी होंगी, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा एक वीडियो इन दिनों लोगों को भावुक कर रहा है. वीडियो के साथ एक ऐसी प्रेम कहानी का दावा किया जा रहा है, जिसे सुनकर कई लोग हैरान हैं. बताया जा रहा है कि एक युवक ने अपनी प्रेमिका के कोमा में रहने के दौरान सात साल तक उसका इंतजार किया और उसके ठीक होने की उम्मीद नहीं छोड़ी. दावा है कि जब लड़की को सात साल बाद होश आया, तो युवक ने अस्पताल में ही उसकी मांग भर दी.
अस्पताल के बेड पर प्रेमी ने भरी प्रेमिका की मांग
वायरल वीडियो में एक युवती अस्पताल के बेड पर लेटी हुई दिखाई देती है. उसके सिर पर लाल रंग की चुनरी रखी नजर आती है. इसी दौरान एक युवक उसके पास आता है और उसकी मांग में सिंदूर भरता दिखाई देता है. यह पल वीडियो का सबसे भावुक हिस्सा बन गया है. युवती की आंखों में आंसू भी नजर आते हैं, जिन्हें देखकर लोग इस कहानी को प्रेम, भरोसे और लंबे इंतजार से जोड़ रहे हैं.
वीडियो के साथ किए जा रहे दावे के मुताबिक, युवती सात साल तक कोमा में रही. इस मुश्किल दौर में उसके प्रेमी ने उसका साथ नहीं छोड़ा और उसके होश में आने का इंतजार करता रहा. दावा यह भी है कि लड़की के ठीक होने के बाद दोनों ने शादी कर ली. हालांकि, वायरल वीडियो के साथ बताई जा रही कहानी की पुष्टि नहीं हुई है. यह खबर भी सोशल मीडिया पर उपलब्ध वायरल जानकारी पर आधारित है. न्यूज18 इस वीडियो से जुड़े दावों की पुष्टि नहीं करता है.
men in love ❤️ https://t.co/Xdry0owuTX
सात साल के इंतजार की कहानी ने छुआ लोगों का दिल
आज के दौर में जब रिश्तों में भरोसे और वफादारी को लेकर अक्सर सवाल उठते हैं, तब इस तरह की कहानी लोगों का ध्यान खींच रही है. वीडियो देखने वाले कई यूजर्स इसे सच्चे प्यार की मिसाल बता रहे हैं. लोगों का कहना है कि किसी मुश्किल परिस्थिति में अपने साथी का साथ निभाना ही रिश्ते की असली परीक्षा होती है. वीडियो में सिंदूर भरने का दृश्य देखकर कई लोग भावुक हो रहे हैं. कुछ यूजर्स इसे प्यार की ताकत बता रहे हैं, तो कुछ का कहना है कि अगर यह कहानी सच है, तो युवक का धैर्य और समर्पण काबिल-ए-तारीफ है.
सोशल मीडिया पर लोगों ने दिए दिलचस्प रिएक्शन
वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कई लड़कियों ने मजाकिया लहजे में लिखा कि आखिर ऐसे लड़के मिलते कहां हैं? ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कुछ यूजर्स ने कहा कि उन्हें भी ऐसा जीवनसाथी चाहिए, जो हर परिस्थिति में उनका साथ दे. वहीं, कुछ लोगों ने इस कहानी को लेकर सावधानी बरतने की बात कही और कहा कि भावुक कर देने वाले वीडियो के साथ किए गए हर दावे को सच मान लेना ठीक नहीं है. फिलहाल, यह वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.



