: हरिद्वार में 52वें अखिल भारतीय प्राच्यविद्या सम्मेलन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसे लेकर आज योगगुरु बाबा रामदेव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सम्मेलन की रूपरेखा और इसके उद्देश्यों की जानकारी दी। पतंजलि विश्वविद्यालय में 29 से 31 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में देशविदेश के विद्वान, शिक्षाविद और शोधकर्ता शामिल होंगे।

योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा कि धार्मिक ग्रंथों और सनातन परंपराओं को लेकर भ्रामक या आपत्तिजनक बातें फैलाने वालों के मामलों में कानूनी पहलुओं पर विचार किया जाएगा। इसके लिए एक कमेटी गठित करने की बात भी कही गई है। इस विषय पर 29 से 31 अक्टूबर तक पतंजलि योगपीठ में होने वाले 52वें अखिल भारतीय प्राच्यविद्या सम्मेलन के दौरान प्रस्ताव रखे जाने की जानकारी दी गई।
बुधवार को दिव्य योग मंदिर में बाबा रामदेव ने कहा कि भगवान श्रीराम, माता सीता, भगवान श्रीकृष्ण और भगवान शिव से जुड़ी धार्मिक मान्यताओं को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों पर तथ्यात्मक जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म, धर्मशास्त्रों और प्राचीन भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विषयों पर चर्चा तथ्यों और प्रमाणों के आधार पर होनी चाहिए।
धार्मिक ग्रंथों के संदर्भों पर उठाए सवाल
बाबा रामदेव ने आरोप लगाया कि कुछ लोग धर्मशास्त्रों और पुराणों के संदर्भों में बदलाव कर ऐसी बातें प्रस्तुत करते हैं, जिनसे सनातन धर्म की मान्यताओं और आराध्य देवीदेवताओं की छवि प्रभावित होती है। उन्होंने भगवान श्रीराम और माता सीता को मांसाहार एवं मदिरापान से जोड़कर प्रस्तुत करने, भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य महारास को गलत संदर्भ में दिखाने और भगवान शिव को नशे से जोड़ने जैसी प्रस्तुतियों पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि धार्मिक विषयों पर किसी भी तरह की धारणा बनाने से पहले उनके मूल संदर्भों और प्रमाणों को समझना जरूरी है। बाबा रामदेव के मुताबिक, सनातन धर्म से जुड़े विषयों पर फैलाए जा रहे भ्रम का जवाब तथ्यों के आधार पर दिया जाना चाहिए।
प्राच्यविद्या सम्मेलन में होगी चर्चा
बाबा रामदेव ने बताया कि पतंजलि की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भारतीय ज्ञान परंपरा, धर्मशास्त्रों और सनातन संस्कृति से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस दौरान विभिन्न दावों और धार्मिक ग्रंथों के संदर्भों की पड़ताल कर तथ्यों को सामने रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों के मामलों में कानूनी कार्रवाई से जुड़े प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा और इसके लिए कमेटी बनाने की योजना है। हालांकि, कार्रवाई की प्रक्रिया और कमेटी की भूमिका को लेकर अंतिम निर्णय प्रस्ताव और संबंधित प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।
सनातन बोर्ड के गठन पर भी रखी बात
सनातन बोर्ड के गठन से जुड़े सवाल पर बाबा रामदेव ने कहा कि समाज में अखाड़ा परिषद और संत समिति जैसे कई बड़े और मान्यता प्राप्त संगठन पहले से मौजूद हैं। ऐसे में नए बोर्ड का स्वरूप स्वायत्त होगा या उसकी संरचना अलग होगी, इस पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
नेताओं को राजधर्म निभाने की सलाह
राजनीतिक दलों के नेताओं को सलाह देने से जुड़े सवाल पर बाबा रामदेव ने सभी नेताओं से अपील की कि वे ‘मेरा दल और मेरा नेता’ की सोच से ऊपर उठकर राजधर्म और राष्ट्रधर्म को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि देश और समाज के हित को दलगत सीमाओं से ऊपर रखा जाना चाहिए।
भारतीय ज्ञान परंपरा और संस्कृत पर होगा मंथन
बाबा रामदेव ने भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृत भाषा, सनातन संस्कृति और प्राचीन भारतीय दर्शन के संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा को आधुनिक शिक्षा और विज्ञान के साथ जोड़ना जरूरी है, ताकि इसके महत्व और उपयोगिता को व्यापक स्तर पर समझा जा सके।
ये भी पढ़ें:
वेद, उपनिषद और आयुर्वेद सहित कई विषयों पर चर्चा
सम्मेलन के दौरान वेद, उपनिषद, योग, आयुर्वेद, भारतीय दर्शन और संस्कृत साहित्य समेत विभिन्न विषयों पर विद्वान अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में शोधपत्र प्रस्तुतियों के साथ पुस्तक प्रदर्शनी, शास्त्रार्थ और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़े विषयों पर अकादमिक चर्चा और शोध को प्रोत्साहित करना है।
ये भी पढ़ें:



