कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला जिला कुल्लू की मणिकर्ण घाटी से सामने आया है। यहां पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में  11 पर्यटक घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सरसाड़ी के पास अचानक खाई में जा गिरी गाड़ी

मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा आज सोमवार को मणिकर्ण घाटी के सरसाड़ी के पास पेश आया। बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर में ओडिशा के रहने वाले पर्यटक सवार थे। सभी पर्यटक घूमने के लिए मणिकर्ण जा रहे थे। इसी दौरान सरसाड़ी के पास चालक अचानक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा और देखते ही देखते टेंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।

 

हादसे में 11 पर्यटक हुए घायल

इस हादसे में गाड़ी में सवार 11 पर्यटकों को चोटें आई हैं। हादसे के बाद घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 7 पर्यटकों की हालत और चोटों को देखते हुए उन्हें कुल्लू क्षेत्रीय अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

 

पुलिस जुटा रही हादसे से जुड़ी जानकारी

फिलहाल टेंपो ट्रैवलर के खाई में गिरने के पीछे की असली वजह सामने नहीं आई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, सरसाड़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा था, जिसके चलते गाड़ी सड़क से नीचे जा गिरी। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हालांकि, वाहन अनियंत्रित होने की वजह क्या रही, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले से जुड़ी जानकारी जुटा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।