Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में पिता की बेइज्जती का बदला लेने के लिए एक युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, मृतक ने कुछ दिन पहले चाय की दुकान पर आरोपियों के पिता के साथ गालीगलौज की थी और उसकी दाढ़ी खींचकर बेइज्जती की थी. इसी बात से आहत होकर उसके दो बेटों ने अपने पिता और अन्य साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. पुलिस ने मामले में दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है.

मामला खतौली थाना क्षेत्र का है. पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त की शाम सरदार आलम को कुछ लोग घर से बुलाकर अपने साथ ले गए थे. आरोप है कि इसके बाद उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया और गंभीर रूप से घायल हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए. बाद में सरदार आलम की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक के बेटे की शिकायत पर खतौली थाना पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमें गठित की गईं. पुलिस ने जांच के दौरान महज दो दिन के भीतर घटना में शामिल लोगों की पहचान कर ली.

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया सच

पुलिस ने दो सगे भाइयों शाहजेब और सालिब को गिरफ्तार किया है. पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि उनके पिता सरताज उर्फ कल्लू और मृतक सरदार आलम के बीच चाय की दुकान पर विवाद हुआ था. आरोप है कि विवाद के दौरान सरदार आलम ने गालीगलौज करते हुए कल्लू की दाढ़ी खींच दी थी, जिससे उसे सार्वजनिक रूप से बेइज्जती महसूस हुई. इसी घटना के बाद परिवार ने बदला लेने की योजना बनाई.

पुलिस के मुताबिक, दोनों भाइयों ने अपने पिता और अन्य साथियों के साथ मिलकर सरदार आलम को रास्ते से हटाने की साजिश रची. योजना के तहत उसे घर से बुलाया गया और फिर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया. पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने उसे अधमरी हालत में छोड़ दिया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई.

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

सीओ खतौली रूपाली राव ने बताया कि हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पूछताछ और जांच के आधार पर वारदात में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की गई है. पुलिस के अनुसार, फरार आरोपियों में मृतक से विवाद करने वाला कल्लू और अन्य संदिग्ध शामिल हैं. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया आलाकत्ल भी बरामद करने का दावा किया है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.