Varanasi Rottweiler Death: यूपी के वाराणसी जिले में पालतू जानवरों के साथ कथित क्रूरता का एक गंभीर मामला सामने आया है. चौबेपुर थाना क्षेत्र के संदहा गांव में एक पालतू रॉटविलर कुत्ते को चाकू गोदकर घायल कर दिया गया था. कुछ दिन बाद उसकी मौत हो गई. वहीं दूसरे पालतू पिटबुल कुत्ते को भी धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था. घटना के बाद कुत्ते के मालिक ने 4 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

पीड़ित अनुराग दीक्षित का आरोप है कि 5 जुलाई को उनके पालतू रॉटविलर कुत्ते पर कुछ लोगों ने चाकू से हमला किया. हमले में गंभीर रूप से घायल हुए रॉटविलर का इलाज कराया गया, लेकिन कुछ दिन बाद उसकी मौत हो गई. इसी दौरान उनके दूसरे पालतू पिटबुल कुत्ते पर भी चाकू से हमला किया गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया.

जान से मारने की धमकी देने का आरोप

मामले को लेकर पीड़ित ने आरोपियों से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उसे भी जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर चौबेपुर पुलिस ने चार नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है और सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह घटना पालतू जानवरों के प्रति बढ़ती हिंसा और क्रूरता को लेकर भी कई सवाल खड़े करती है. पशु अधिकार कार्यकर्ताओं का कहना है कि जानवरों पर इस तरह के हमले न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि समाज में बढ़ती हिंसा का भी गंभीर संकेत हैं.

उनका मानना है कि ऐसे मामलों में त्वरित और सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर शिकायत दर्ज कर लगी गई है और मामले की जांच की जा रही है.