Himachal Se: बाराबंकी: यूपी के बाराबंकी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया। यहां एक दूल्हे ने निकाह के 5 घंटे के भीतर ही दुल्हन को तलाक दे दिया और बारात लेकर लौट गया।

क्या है पूरा मामला?
बाराबंकी में तहसील फतेहपुर क्षेत्र के नगर स्थित नालापार दक्षिणी मोहल्ले में एक निकाह महज पांच घंटे के भीतर टूट गया। निकाह के बाद मेहर अदायगी को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से तलाक का फैसला कर लिया। इसके बाद दूल्हा बारात समेत बिना दुल्हन के वापस लौट गया।
जानकारी के अनुसार नालापार दक्षिणी निवासी एक युवती का निकाह जहांगीराबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सद्दीपुर पट्टी निवासी जावेद के साथ तय हुआ था। बीती शुक्रवार दोपहर बारात फतेहपुर पहुंची, जहां बारातियों के स्वागतसत्कार और भोजन के बाद निकाह की रस्म संपन्न कराई गई। हालांकि निकाह के दौरान ही मेहर अदायगी के तौरतरीकों को लेकर लड़की पक्ष ने आपत्ति जता दी, जिससे दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान बारात में शामिल कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से गालीगलौज किए जाने से माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया। मामला बढ़ने पर युवती के पिता अपने परिजनों के साथ नगर चेयरमैन इरशाद अहमद कमर के पास पहुंचे और हस्तक्षेप की मांग की।
वहीं स्थिति को संभालने के लिए चेयरमैन इरशाद अहमद कमर ने सद्दीपुर के प्रधान शमशेर को बुलाकर दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास किया। लेकिन लड़की पक्ष का आरोप था कि बाराती शराब पीकर आए थे और दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। देर रात तक वार्ता का दौर चलता रहा, लेकिन इसी बीच लड़के पक्ष की कुछ गतिविधियों से नाराज दुल्हन ने ससुराल जाने से साफ इनकार कर दिया।
दुल्हन की इच्छा पर दोनों पक्षों ने आखिरकार निकाह समाप्त करने का निर्णय लिया। निकाह होने के करीब पांच घंटे बाद आपसी सहमति से तलाक की प्रक्रिया पूरी कर ली गई। इसके बाद दूल्हा जावेद और बाराती बिना दुल्हन के ही वापस लौट गए। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। वहीं इस घटना की चर्चा पूरे क्षेत्र में होती रही। शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में विवाद और तलाक में बदल जाने से दोनों परिवारों में मायूसी का माहौल है।



