Sambhal Bus Accident: यूपी के संभल जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर आज एक भीषण सड़क हादसा हो गया. बहजोई कोतवाली क्षेत्र के लहरावन इंटरचेंज के पास यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार सेमी डीलक्स डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई. हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 24 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है.

बस बहराइच से पंजाब के जालंधर जा रही थी. शुरूआती जांच में सामने आया है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण बस से नियंत्रण हट गया. तेज रफ्तार बस पहले डिवाइडर से टकराई और फिर पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार यात्रियों में चीखपुकार मच गई. कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए. हादसे के बाद स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंच गए और भारी भीड़ जमा हो गई.

पुलिस ने यात्रियों को निकाला बाहर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एंबुलेंस और राहतबचाव दल मौके पर पहुंच गए. रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया. घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया.

संभल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण पाठक ने दो लोगों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि कई घायल गंभीर अवस्था में हैं और उनका इलाज जारी है .प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.

कुछ देर के लिए ठप रहा यातायात

हादसे के बाद कुछ समय के लिए गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात प्रभावित रहा. पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यातायात सामान्य कराया. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया.पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.