प्रवर्तन निदेशालय ने मोहाली के SSP को एक चिट्ठी लिखकर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाफ तुरंत FIR दर्ज करने की मांग की है. यह पूरा मामला करीब 78 करोड़ रुपये की जमीन के सौदों से जुड़ा हुआ है.12 अक्टूबर 2026 को ED के जालंधर जोनल ऑफिस द्वारा भेजी गई इस चिट्ठी में PCA द्वारा अमृतसर के अजनाला और बठिंडा में की गई 78 करोड़ रुपये की जमीन खरीद में भारी वित्तीय अनियमितताओं और गड़बड़ियों का खुलासा किया गया है.

ED की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने अमृतसर के अजनाला में 155 कनाल और बठिंडा में 100 कनाल जमीन कुल ₹77,99,03,563 में खरीदी थी. ED की जांच में सामने आया कि जिन दो निजी कंपनियों ने ये जमीन पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन को बेची, उन्होंने इसे महज 3 से 6 महीने पहले सिर्फ ₹6.92 करोड़ में खरीदा था.

मूल कीमत से करीब 15.4 गुना ज्याादा कीमत

इसके बाद फरवरी 2026 में उन्हीं कंपनियों ने इस जमीन को ₹58.22 करोड़ में PCA को बेच दिया. ED के मुताबिक, पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने इस जमीन के लिए कंपनियों द्वारा चुकाई गई मूल कीमत से लगभग 15.4 गुना अधिक कीमत चुकाई, जो सरकारी कलेक्टर रेट से भी बहुत ज्यादा है.

मनी लॉन्ड्रिंग का अंदेशा

चिट्ठी में ED ने मनी लॉन्ड्रिंग का अंदेशा जताया है. जांच के अनुसार, PCA से मोटी रकम ट्रांसफर होने के तुरंत बाद इन कंपनियों के डायरेक्टर्स, पार्टनर्स और अन्य निजी व्यक्तियों के खातों में फंड ट्रांसफर किया गया. इसके बाद, करोड़ों रुपये की बड़ी रकम को बैंक खातों से कैश के तौर पर निकाल लिया गया या फिर निजी संस्थाओं में डायवर्ट कर दिया गया.

PCA अध्यक्ष और अन्य अधिकारियों पर गिरेगी गाज

इस कथित भ्रष्टाचार को लेकर PCA अध्यक्ष और अन्य अधिकारियों पर गाज गिरनी तय मानी जा रही . इस चिट्ठी के सामने आने के बाद पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के मौजूदा अध्यक्ष अमरजीत मेहता और उनसे जुड़े पदाधिकारियों के नाम इस घोटाले में गूंज रहे हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। ED ने पंजाब की मोहाली जिला पुलिस को जल्द से जल्द आपराधिक मामला दर्ज कर इस पूरे जमीन घोटाले की गहन जांच शुरू करने के निर्देश दिए हैं.