
सांगली : महाराष्ट्र के सांगली जिले से मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद खौफनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां कदेश्वर धाम के तीन पाखंडी भोंदू बाबाओं ने अंधविश्वास का ऐसा घिनौना जाल बुना, जिसने एक नाबालिग लड़की की जिंदगी बर्बाद कर दी। इन ढोंगी बाबाओं ने पीड़िता को पिछले जन्म की ‘नागिन’ और ‘डायन’ बताकर डराया और फिर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) की वारदात को अंजाम दिया। दरिंदगी की हद तो तब पार हो गई जब आरोपियों ने इस घिनौनी करतूत का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने लगे। वीटा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों पाखंडी बाबाओं को गिरफ्तार कर लिया है।
तुम पिछले जन्म की नागिन हो…अंधविश्वास का ऐसा बुना ताना-बाना
अभी कुछ ही समय पहले पूरा महाराष्ट्र नासिक के कुख्यात जालसाज अशोक खराद के घिनौने कारनामों को देखकर दहल उठा था, जिसने कई महिलाओं का यौन शोषण कर उनके भरोसे का कत्ल किया था। अभी लोग उस सदमे से उबर भी नहीं पाए थे कि सांगली के वीटा इलाके से अंधविश्वास और दरिंदगी की यह नई वारदात सामने आ गई। पुलिस के मुताबिक, कदेश्वर धाम के इन पाखंडी बाबाओं ने नाबालिग लड़की और उसके परिवार को अपने रसूख और तंत्र-मंत्र के जाल में फंसाया। उन्होंने लड़की को डराते हुए कहा, “तुम पिछले जन्म में एक खतरनाक डायन और नागिन थीं, जबकि संकेत बाबा (मुख्य आरोपी) नाग थे। इसलिए इस जन्म में तुम्हारा उनसे विवाह होना तय है।” इस काल्पनिक और डरावनी कहानी से नाबालिग बुरी तरह सहम गई।
रसूख की धौंस दिखाकर पिता से ठगे 4.5 लाख रुपये
पुलिस तफ्तीश में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि इन जालसाजों ने खुद का बड़े-बड़े रसूखदार लोगों और राजनेताओं से संपर्क होने का दावा किया था। इसी झूठे प्रभाव का इस्तेमाल कर उन्होंने पहले तो पीड़िता के भोले-भाले परिवार का विश्वास जीता। इसके बाद लड़की के ऊपर से कथित ‘नागिन और डायन’ का दोष निवारण करने, पूजा-पाठ और हवन कराने के नाम पर आरोपियों ने पीड़िता के पिता से करीब साढ़े चार लाख रुपये की मोटी रकम भी ऐंठ ली।
गैंगरेप का वीडियो बनाकर पीड़िता को लगातार करते रहे ब्लैकमेल
इन ढोंगियों की दरिंदगी सिर्फ धोखाधड़ी और बलात्कार तक ही सीमित नहीं रही। पुलिस जांच में यह बेहद चौंकाने वाला सच सामने आया है कि तीनों आरोपियों ने नाबालिग के साथ किए जा रहे इस घिनौने अत्याचार का बकायदा वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। इस अश्लील वीडियो के बूते आरोपी पीड़िता को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। वे वीडियो को इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी देकर बार-बार लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म करते रहे। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। लोकलाज और बदनामी के डर से पीड़िता काफी समय तक खामोश रही, लेकिन जब पानी सिर से ऊपर चला गया तो उसने अपने परिजनों को आपबीती सुनाई।
कदेश्वर धाम के तीनों पाखंडी बाबा गिरफ्तार, पॉक्सो में मुकदमा दर्ज
पीड़िता की हिम्मत और वीटा पुलिस की त्वरित कार्रवाई के बाद इस घिनौने रैकेट का पूरी तरह भंडाफोड़ हो गया है। पुलिस ने कदेश्वर धाम के मुख्य आरोपी महेश मोहन बाबर, संकेत संदीप निकम और सूरज उपाध्याय को पुलिसिया घेराबंदी कर धर दबोचा है। वीटा पुलिस स्टेशन के अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ सख्त पॉक्सो एक्ट (POCSO), सामूहिक दुष्कर्म और वित्तीय धोखाधड़ी के तहत कड़ी कानूनी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले के अन्य पहलुओं को भी खंगाला रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन भोंदू बाबाओं ने और कितनी महिलाओं को अपनी हवस या ठगी का शिकार बनाया है।



