Ujjain News: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले की घट्टिया तहसील में किसानों के साथ करोड़ों की जालसाजी का बड़ा मामला सामने आया है. जिन किसानों ने न तो कभी कर्ज लिया और न ही किसी कागज पर हस्ताक्षर किए, उन्हें सोसायटी और बैंक के जिम्मेदारों की मिलीभगत से डिफॉल्टर बना दिया गया. प्राथमिक कृषि सहकारी साख संस्था निपानिया गोयल और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की घट्टिया शाखा के कर्मचारियों ने मिलकर 1221 किसानों के नाम पर 4 करोड़ 67 लाख 48 हजार 187 रुपये का गबन कर डाला. आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ की जांच में घोटाले का खुलासा होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज किया गया है.

जांच के मुताबिक, वर्ष 2019 से 2022 के बीच बैंक और सोसायटी के तत्कालीन अधिकारियोंकर्मचारियों ने किसानों के भरोसे का फायदा उठाया. रबी और खरीफ सीजन के नाम पर 1221 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड खातों का दुरुपयोग किया गया और उन्हें इसकी भनक तक लगे बिना उनके नाम से नए ऋण स्वीकृत कर राशि निकाल ली गई.
जमा राशि भी खातों में नहीं चढ़ाई, ऑडिट में किया समायोजन
बताया जा रहा है कि कई किसानों ने पुराना कर्ज चुकाने के लिए सोसायटी में जो रकम जमा कराई, उसे उनके KCC खातों में दर्ज ही नहीं किया गया. इसके बजाय फर्जी ऋण की राशि को बचत खातों में दिखाकर और ऑडिट के वक्त संस्था के क्रेडिट खाते से समायोजित कर सालों तक घोटाला छिपाया गया. जब पोल खुलने का डर सताया, तो आरोपियों ने खातों और ऋण स्वीकृति से जुड़े अहम दस्तावेज ही रिकॉर्ड से गायब कर दिए.
दोहरी मार झेल रहे किसान: न खादबीज मिल रहा, न नया कर्ज
इस फर्जीवाड़े का सबसे बड़ा खामियाजा बेकसूर किसानों को भुगतना पड़ रहा है. जिन्होंने कर्ज चुका दिया या कभी लिया ही नहीं, वे आज बैंक की नजर में कर्जदार और डिफॉल्टर दर्ज हैं. डिफॉल्टर होने के चलते किसानों को न तो सोसायटी से खादबीज उधार मिल पा रहा है और न ही अगली फसल के लिए नया KCC ऋण स्वीकृत हो पा रहा है, जिससे उनकी खेती पर गहरा संकट खड़ा हो गया है.
तीन आरोपियों की मौत, एक बर्खास्त, EOW और सहकारिता विभाग की कार्रवाई
ईओडब्ल्यू भोपाल मुख्यालय में दर्ज शिकायत के सत्यापन के बाद डीएसपी रामनिवास यादव की रिपोर्ट पर भ्रष्टाचार, धोखाधड़ी, कूटरचना और आपराधिक षड्यंत्र की धाराओं में केस दर्ज किया गया है. जांच में निपानिया सोसायटी के तत्कालीन प्रबंधक सुमेरसिंह सिसौदिया, प्रशासक चंद्रेश जोशी और सीसीबी घट्टिया के तत्कालीन प्रबंधक शिव हरदेनिया की मुख्य भूमिका सामने आई, लेकिन तीनों की मौत हो चुकी है. वहीं, तत्कालीन बैंक प्रबंधक महेशचंद्र राठौर को विभाग ने बर्खास्त कर दिया है और उनके खिलाफ नामजद प्रकरण दर्ज किया गया है.
डीएसपी ईओडब्ल्यू रामनिवास यादव ने कहा कि सबूतों के आधार पर केस दर्ज कर वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सहकारिता विभाग के डीआर अरुण मिश्रा ने बताया कि धारा 64 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालयीन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जबकि सीसीबी के सीईओ विशेष सक्सेना ने कहा कि दोषी प्रबंधक को बर्खास्त किया जा चुका है और नियमानुसार वसूली की कार्रवाई होगी.



