Karwa Chauth Shopping Tips: करवा चौथ का पर्व जल्द ही आने वाला है, यह त्योहार महिलाओं के लिए बेहद खास होता है। इस दिन महिलाएं खूबसूरत कपड़े पहनकर सोलह श्रृंगार करके पूजा करती हैं। ऐसे में कई महिलाएं इस त्योहार के लिए बाजार से लेकर ऑनलाइन ऐप्स तक से शॉपिंग करती हैं। त्योहारों में मार्केट और शॉपिंग प्लेटफॉर्म पर साड़ियों की कई वैरायटी और ऑफर्स मिलते हैं। लेकिन ऑफर देखकर तुरंत शॉपिंग न करें पहले कुछ जरूरी बातों पर ध्यान दें। ताकि आपका पैसा बर्बाद न हो और खरीदारी के दौरान किसी तरह की परेशानी न आए। आइए जानते हैं कि करवा चौथ के लिए साड़ी खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।

Karwa Chauth Shopping Tips: सोशल मीडिया से क्यों न करें शॉपिंग ?

आजकल मोबाइल हर किसी के हाथ में मौजूद रहता है। हर कोई सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं। ऐसे में साड़ियों की सेल और अच्छे डिस्काउंट के कई एडवरटाइजमेंट देखने को मिलते हैं। हालांकि, इनमें से कुछ ऑफर्स फर्जी भी हो सकते हैं। ठगी करने वाले लोग सस्ते दाम पर अच्छी साड़ी देने का लालच देकर लोगों को निशाना बनाते हैं। इसलिए किसी अनजान सोशल मीडिया पेज से साड़ी खरीदने से पहले उसकी विश्वसनीयता जरूर जांच लें।

बिना जांचपड़ताल के किसी लिंक पर क्लिक न करें और न ही अनजान विक्रेता को ऑनलाइन पेमेंट करें। संभव हो तो भरोसेमंद प्लेटफॉर्म से ही खरीदारी करें और कैश ऑन डिलीवरी का विकल्प उपलब्ध होने पर उसकी शर्तें भी जांच लें।

Karwa Chauth Shopping Tips: ऑनलाइन शॉपिंग करते समय किन बातों का रखें ध्यान?

अगर आप करवा चौथ के लिए ऑनलाइन शॉपिंग करते हैं या साड़ी खरीदने की सोच रही हैं, तो सबसे पहले वेबसाइट या शॉपिंग ऐप के बारें में जांच करें की वो भरोसेमंद ऐप है या नहीं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। साड़ी की फोटो के साथ उसका फैब्रिक, रंग, डिजाइन, लेंथ और अन्य जानकारी ध्यान से पढ़ें। इसके अलावा,  ग्राहकों के रिव्यू और उपलब्ध तस्वीरें भी देख लें।

ऑर्डर करने से पहले यह जरूर जांचें कि साड़ी पसंद न आने या उसमें कोई खराबी होने पर उसे रिटर्न या एक्सचेंज किया जा सकता है या नहीं। रिटर्न की समयसीमा और रिफंड से जुड़ी शर्तें भी पढ़ें।

Karwa Chauth Shopping Tips: ऑफलाइन साड़ी खरीदते समय क्याक्या चेक करें?

अगर आप ऑनलाइन की जगह ऑफलाइन बाजार जाकर साड़ी खरीद रही हैं, तो ये मत समझिये कि आपके साथ फ्राड नहीं हो सकता है। बल्कि ऑफलाइन शॉपिंग करते हुए भी कुछ बातों का विशेष ध्यान रखें। केवल उसके रंग और डिजाइन को देखकर फैसला न करें। साड़ी की क्वालिटी, कपड़े की बनावट, बुनाई, किनारों और धागों को अच्छी तरह जांच लें।

खरीदारी करने से पहले दुकानदार से रिटर्न और एक्सचेंज की शर्तों के बारे में पूछें। आप उसी साड़ी की कीमत ऑनलाइन भी चेक कर सकती हैं, ताकि अलगअलग जगहों पर मिलने वाले दामों की तुलना करके सही फैसला ले सकें।

Karwa Chauth Shopping Tips: बिल लेना क्यों जरूरी है?

साड़ी ऑनलाइन खरीदें या ऑफलाइन, उसका बिल या खरीदारी का सबूत होता है, इसलिए बिल संभाल कर रखें। अगर साड़ी में कोई खराबी निकलने या उसे एक्सचेंज करने की जरूरत पड़ने पर बिल काम आ सकता है। ऑनलाइन खरीदारी करने पर ऑर्डर की रसीद, पेमेंट की जानकारी और ऑर्डर आईडी सुरक्षित रखें।

वहीं, दुकान से साड़ी खरीदने पर पक्का बिल लेना न भूलें। बिल के साथ साड़ी की पैकेजिंग और टैग भी तब तक संभालकर रखें, जब तक आप साड़ी को लेकर पूरी तरह संतुष्ट न हो जाएं। इससे जरूरत पड़ने पर रिटर्न या एक्सचेंज की प्रक्रिया आसान हो सकती है।