बिहार के मुजफ्फरपुर में सोमवार की सुबह हुए पीएनजी हादसे में एक 4 मंजिली इमारत क्षतिग्रस्त हो गई है. आसपास के गई अन्य मकानों में भी काफी नुकसान हुआ है. वहीं घटना स्थल पर मौजूद कई लोग के कान अभी सुन्न पड़े हैं. इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हैं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

यह हादसा सदर थाना क्षेत्र के गोबर्सहीडुमरी इलाके में हुआ है. बताया जा रहा है कि हादसे से ठीक पहले मौके पर जेसीबी से खुदाई का काम हो रहा था. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इस खुदाई के दौरान शायद पीएनजी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई और गैस का रिसाव होने लगा. देखते ही देखते इसमें जोरदार ब्लास्ट हो गया. धमाका इतना जोरदार था की इसकी चपेट में आए युवक के सिर के चिथड़े उड़ गए. वहीं थोड़ी दूरी पर मौजूद आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
तीन किमी तक सुनी गई आवाज
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक पाइपलाइन में धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब तीन किलोमीटर दूर तक सुनी गई. आसपास के लोगों को तो लगा कि उनके कान के पास किसी ने बम फोड़ दिया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कई लोगों के कान तो हादसे के पांच घंटे बाद भी सुन्न हैं. इस धमाके की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि पास की एक चार मंजिला इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई. वहीं करीब 100 मीटर के दायरे में बने दर्जनों मकानों की खिड़कियों के शीशे टूट गए. वहां मौजूद कई वाहनों को भी भारी नुकसान पहुंचा है.
राहत और बचाव कार्य जारी
घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है. फायर ब्रिगेड की टीम ने पीएनजी कंपनी के इंजीनियरों के साथ कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और राहत कार्य शुरू किया. पुलिस ने मृत व्यक्ति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हादसे के बाद क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है.



