Himachal Se: गर्मियों में कॉटन के कपड़े खूब पहने जाते हैं। यह न केवल आरामदायक होते हैं बल्कि पसीना भी आसानी से सोख लेते हैं। कम्फर्टेबल होने के साथ ही कॉटन के आउटफिट्स दिखने में भी बहुत अच्छे लगते हैं। सही देखभाल न मिलने पर कॉटन के कपड़े जल्दी फीके पड़ने लगते हैं। यह सिकुड़ सकते हैं या उनकी चमक कम हो सकती है।

कई लोग महंगे सूती कपड़े खरीद तो लेते हैं, लेकिन उन्हें धोने, सुखाने और प्रेस करने का सही तरीका नहीं जानते। अगर आप चाहते हैं कि आपके कॉटन के कपड़े लंबे समय तक नए जैसे दिखें, तो वॉशिंग मशीन में धोने से लेकर सुखाने, इस्त्री करने और घर पर कलफ लगाने तक के समय कुछ सावधानियां बरतनी चाहिए। इससे कपड़ों की क्वालिटी भी बनी रहती है और उनका लुक भी लंबे समय तक अच्छा दिखता है। आइए जानें इसके बारे में।
वॉशिंग मशीन में कॉटन के कपड़े धोते समय इन बातों का रखें ध्यान
- कॉटन के कपड़े धोने से पहले उनकी केयर लेबल जरूर पढ़ें।
- सफेद और रंगीन कपड़ों को अलगअलग धोना बेहतर माना जाता है।
- मशीन में हमेशा ठंडे या हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें, क्योंकि गर्म पानी से कपड़े सिकुड़ सकते हैं।
- कॉटन फैब्रिक के लिए माइल्ड डिटर्जेंट चुनें ताकि कपड़ों की नरमी बनी रहे।
- वॉशिंग मशीन को जरूरत से ज्यादा न भरें, इससे कपड़े ठीक से साफ नहीं हो पाते।
- डेलिकेट या जेंटल वॉश मोड इस्तेमाल करने से कपड़ों की क्वालिटी लंबे समय तक बनी रह सकती है।
- बहुत तेज स्पिन मोड कपड़ों में सिलवटें बढ़ा सकता है, इसलिए मीडियम स्पिन बेहतर माना जाता है।
- रंग छोड़ने वाले कपड़ों को अलग धोएं ताकि दूसरे कपड़ों पर दाग न लगें।
- कपड़ों को उल्टा करके धोने से उनका रंग जल्दी फीका नहीं पड़ता।
- धूप में ज्यादा देर सुखाने से कॉटन का रंग हल्का पड़ सकता है, इसलिए हल्की धूप या छांव में सुखाना बेहतर रहता है।
कॉटन के कपड़ों को सुखाने का सही तरीका
कॉटन के कपड़ों को कभी भी तेज धूप में न डालें। ऐसा करने से इनका रंग फीका पड़ सकता है। ज्यादा धूप कॉटन फैब्रिक के रंग और चमक को नुकसान पहुंचा सकती है। इसलिए कॉटन के कपड़ों को हमेशा हल्की धूप या छांव में सुखाना बेहतर रहता है। एक बात का ख्याल रखें हमेशा कपड़ों को सुखाने से पहले हल्के हाथों से झटक लें। ऐसा करने से उनमें ज्यादा सिलवटें नहीं पड़ती हैं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इतना ही नहीं रंगीन कॉटन कपड़ों को उल्टा करके सुखाने से उनका रंग लंबे समय तक अच्छा बना रह सकता है।
कॉटन के कपड़ों पर इस्त्री करने का सही तरीका
कॉटन फैब्रिक पर प्रेस करते समय तापमान का खास ध्यान रखना जरूरी होता है। बहुत ज्यादा गर्म इस्त्री कपड़े के धागों को कमजोर कर सकती है। अगर आपकी प्रेस में फैब्रिक सेटिंग का ऑप्शन है, तो कॉटन मोड चुनना बेहतर माना जाता है। अगर आप सामान्य प्रेस इस्तेमाल कर रहे हैं तो बहुत ज्यादा गर्म तापमान से बचें। कॉटन के कपड़ों को हल्का नम रहने पर प्रेस करना आसान होता है। इससे सिलवटें जल्दी हट जाती हैं। आप चाहें तो प्रेस करने से पहले कपड़ों पर हल्का पानी स्प्रे भी कर सकते हैं। इसके अलावा, गहरे रंग के कॉटन कपड़ों को उल्टा करके प्रेस करने से उनकी चमक बनी रह सकती है और प्रेस के निशान भी नहीं पड़ते।
सूती कपड़ों के लिए घर पर ऐसे बनाएं कलफ
बहुत सारे लोग सूती कपड़ों पर कलफ लगाते हैं। यूं तो यह बाजार में मिल जाता है, लेकिन आप इसे घर पर भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए चावल के पानी यानी माड़ को निकाल लें। फिर इसमें पानी मिला लें। इसके बाद इसमें कपड़ा डालकर छोड़ दें। आप बहुत थोड़ी देर इसे धूप भी डाल सकते हैं। इसके अलावा आप साबूदाना से भी कलफ बना सकते हैं। इसके लिए साबूदाना उबाल लें। इसके बाद इसका पानी निकाल लें। इसमें कपड़ों को भिगोकर दें। फिर कपड़ा सुखाकर प्रेस करके रख लें।



