
ग्वालियर | मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक दिल दहला देने वाला और रिश्तों को तार-तार करने वाला मामला सामने आया है। सिरोल थाना क्षेत्र में रहने वाली एक नवविवाहिता की कुछ महीने पहले ही शादी हुई थी। इसी साल फरवरी में इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान राहुल बघेल नाम के युवक से हुई। दोनों के बीच धीरे-धीरे बातें होने लगी और दोस्ती गहरी हो गई। राहुल ने महिला को अपने प्यार के जाल में फंसाया और शादी का वादा कर उसे अपने साथ रहने के लिए राजी कर लिया। आरोपी की बातों में आकर महिला ने अपना हंसता-खेलता घर और पति दोनों को छोड़ दिया।
आर्य समाज में शादी का झांसा देकर जलगांव ले गया
पति का घर छोड़ने के बाद आरोपी राहुल बघेल महिला को आर्य समाज मंदिर में शादी करने का भरोसा देकर महाराष्ट्र के जलगांव ले गया। जलगांव में आरोपी ने एक किराए का मकान लिया और वहां करीब 15 दिनों तक महिला को अपनी पत्नी बनाकर रखा। इस दौरान वह लगातार महिला की मर्जी के खिलाफ शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाता रहा। महिला जब भी शादी करने का दबाव बनाती, तो आरोपी उसे जल्द ही रस्म निभाने की बात कहकर बहला देता था।
मुरार में किराए के मकान में रखा, फिर पैसों की तंगी का बनाया बहाना
जलगांव में कुछ दिन बिताने के बाद आरोपी महिला को लेकर ग्वालियर के मुरार स्थित गोवर्धन कॉलोनी आ गया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। यहां भी दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। जब महिला ने दोबारा शादी की जिद पकड़ी और कानूनी रूप से रिश्ता पक्का करने को कहा, तो राहुल टालमटोल करने लगा। उसने पैसों की तंगी का बहाना बनाया और कहा कि जैसे ही कुछ पैसों का इंतजाम हो जाएगा, वह धूमधाम से शादी कर लेगा। बेबस महिला उसकी बातों पर यकीन करती रही।
अकेला छोड़कर फरार हुआ प्रेमी
महिला को शादी के झूठे दिलासे देने के बाद एक दिन आरोपी चुपचाप उसे अकेला छोड़कर गायब हो गया। जब काफी देर तक वह वापस नहीं आया, तो महिला ने उसके फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया था। काफी खोजबीन करने के बाद भी जब राहुल का कोई सुराग नहीं मिला, तब महिला को समझ आया कि उसके साथ कितना बड़ा धोखा हुआ है।
सिरोल थाने पहुंची पीड़िता
धोखे का अहसास होते ही पीड़िता सीधे सिरोल पुलिस थाने पहुंची और अपनी आपबीती सुनाई। महिला की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी राहुल बघेल के खिलाफ शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार है, लेकिन उसकी लोकेशन ट्रेस की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



