सांसदों और विधायकों की ओर से संविधान की दसवीं अनुसूची यानी दलबदल विरोधी कानून के प्रावधानों से बचने के लिए रणनीतिक तरीके से इस्तीफा देने की कथित प्रवृत्ति का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है. इस पर दायर जनहित याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और राज्य सरकारों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है. कोर्ट ने सभी पक्षों को चार सप्ताह के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है.

याचिकाकर्ता ने अदालत से मांग की है कि सांसदों और विधायकों के इस्तीफे तथा उनकी अयोग्यता से जुड़े मामलों के निपटारे के लिए एक समयबद्ध, पारदर्शी और कारणयुक्त प्रक्रिया तय की जाए. याचिका में संविधान की दसवीं अनुसूची की ऐसी व्याख्या करने की मांग की गई है, जिससे जनप्रतिनिधि इस्तीफे का रास्ता अपनाकर दलबदल कानून के तहत होने वाली कार्रवाई से बच न सकें.

क्या है याचिका में मांग?

याचिका में कहा गया है कि कुछ मामलों में जनप्रतिनिधि दलबदल के आरोपों और अयोग्यता की कार्रवाई से बचने के लिए विधानसभा या संसद की सदस्यता से इस्तीफा दे देते हैं. इसके बाद वे दूसरे दल में शामिल होकर दोबारा चुनाव लड़ते हैं. याचिकाकर्ता के मुताबिक, इस तरह की रणनीति से दलबदल विरोधी कानून का उद्देश्य प्रभावित होता है.

याचिकाकर्ता ने मांग की है कि इस्तीफे और अयोग्यता की कार्यवाही के बीच संबंध को लेकर स्पष्ट कानूनी व्यवस्था बनाई जाए. साथ ही, ऐसे मामलों में फैसला लेने की प्रक्रिया तय समय के भीतर पूरी हो और संबंधित प्राधिकारी को अपने फैसले के कारण भी बताने हों.

क्या कहती है संविधान की दसवीं अनुसूची?

संविधान की दसवीं अनुसूची में दलबदल के आधार पर सांसदों और विधायकों की अयोग्यता के प्रावधान हैं. इसके तहत कोई सदस्य स्वेच्छा से अपनी राजनीतिक पार्टी की सदस्यता छोड़ता है या सदन में पार्टी के निर्देश के खिलाफ वोट देता है, तो उसके खिलाफ अयोग्यता की कार्रवाई हो सकती है. अयोग्यता से जुड़े मामलों पर फैसला सदन के अध्यक्ष यानी लोकसभा अध्यक्ष या विधानसभा अध्यक्ष करते हैं. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। याचिका में इसी व्यवस्था की व्याख्या और इस्तीफे के जरिए अयोग्यता की कार्रवाई से बचने की कथित कोशिशों पर स्पष्ट दिशानिर्देश तय करने की मांग की गई है.