Himachal Se: क्या आप पर्याप्त नींद लेने के बाद भी सुबह उठते ही थकान महसूस करते हैं? अक्सर हम इसे काम का दबाव समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन लगातार लोएनर्जी रहना शरीर में छिपी किसी बड़ी कमी का संकेत हो सकता है। गैस्ट्रो लिवर हॉस्पिटल में गेस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट डॉक्टर वीके मिश्रा के मुताबिक जब भी आपकी बॉडी से एनर्जी ड्रेन होगी तो आपको थकान महसूस होगी। कभीकभी थकान होने के लिए कई कारण हो सकते हैं जैसे रात में देर तक जागना और फिर अगले दिन थकान होना, एक्सरसाइज ज्यादा करना कुछ ऐसे कारण हैं जिसे आप आसानी से पहचान सकते हैं और उन्हें कंट्रोल भी कर सकते हैं।

लेकिन आप जानते हैं कि लगातार एनर्जी लॉस और फटिग महसूस होने के लिए कई कारण जैसे शरीर में पोषण की कमी, तनाव, खराब खानपान और कुछ मेडिकल समस्याएं जिम्मेदार हो सकती हैं। कई बार लोग लगातार थकान महसूस करते हैं लेकिन असली कारण समझ नहीं पाते। डॉक्टर ने बताया कि अगर शरीर की एनर्जी लगातार कम महसूस हो रही है, तो इसके पीछे कुछ अहम संकेत छिपे हो सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि लगातार थकान और लो एनर्जी के लिए कौनकौन से कारण जिम्मेदार हो सकते हैं और इनका इलाज कैसे करें।
लगातार थकान और कमजोरी होने के कारण
मैग्नीशियम की कमी बन सकती है बड़ी वजह
डॉक्टर के अनुसार शरीर में मैग्नीशियम की कमी क्रोनिक थकान का एक सामान्य कारण है। मैग्नीशियम शरीर में सैकड़ों बायोकेमिकल रिएक्शन के लिए जरूरी होता है और यह ग्लूकोज को एनर्जी में बदलने में मदद करता है। अगर शरीर में इसकी कमी हो जाए, तो पर्याप्त खाना खाने के बाद भी शरीर को सही एनर्जी नहीं मिलती। बॉडी में मैग्नीशियम की कमी को पूरा करने के लिए आप बादाम, काजू, बीन्स, पंपकिन सीड्स, ओट्स और साबुत अनाज जैसी चीजों का सेवन करें इसमें मैग्नीशियम अच्छी मात्रा में पाया जाता है।
लगातार तनाव और चिंता भी घटाती है एनर्जी
डॉक्टर ने बताया कि ज्यादा तनाव और एंजायटी शरीर की एनर्जी को तेजी से कम करते हैं। लगातार मानसिक दबाव रहने से व्यक्ति थका हुआ महसूस करने लगता है। ऐसे में रिलैक्सेशन तकनीक, छोटे ब्रेक और मानसिक आराम बहुत जरूरी हो जाते हैं।
पानी की कमी से भी बढ़ सकती है थकान
डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी भी थकान की बड़ी वजह बन सकती है। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। डॉक्टर के मुताबिक कई बार लोगों को लगता है कि उन्हें भूख लगी है, जबकि असल में शरीर को पानी की जरूरत होती है। शरीर में हल्की डिहाइड्रेशन भी एनर्जी लेवल को नीचे गिरा सकती है। एक्सपर्ट ने बताया कि दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है।
ज्यादा मीठा खाने से अचानक गिर सकती है एनर्जी
डॉक्टर ने कहा कि कोल्ड ड्रिंक, मिठाइयां और ज्यादा शुगर वाले फूड्स ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ाते हैं और फिर अचानक नीचे गिरा देते हैं। इससे शरीर में थकान और कमजोरी महसूस होने लगती है। इसके बजाय साबुत अनाज और बैलेंस डाइट लेने से शरीर को स्थिर एनर्जी मिलती रहती है।
थकान दूर करने के उपाय
- रोजाना 10 मिनट तेज चलना फायदेमंद: डॉक्टर के अनुसार अगर लगातार थकान महसूस हो रही है, तो खुली हवा में 10 मिनट की ब्रिस्क वॉक काफी फायदेमंद हो सकती है। इससे शरीर का एनर्जी लेवल बढ़ता है और मूड भी बेहतर होता है।
- ब्रेकफास्ट कभी स्किप न करें: डॉक्टर ने बताया कि सुबह का नाश्ता छोड़ना शरीर की एनर्जी को प्रभावित करता है। ऐसा नाश्ता लेना चाहिए जिसमें कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और हेल्दी फैट तीनों शामिल हों। इससे शरीर को दिनभर स्थिर ऊर्जा मिलती है।
- हेल्दी स्नैक्स लें: थकान कम करने के लिए छोटेछोटे हेल्दी स्नैक्स लेना भी फायदेमंद हो सकता है। डॉक्टर ने पीनट बटर, ड्राई फ्रूट्स, दही और साबुत अनाज जैसी चीजों को बेहतर विकल्प बताया।
- कॉफी के साथ प्रोटीन लेना बेहतर: डॉक्टर के मुताबिक केवल कॉफी पीने के बजाय उसके साथ प्रोटीन युक्त चीज लेना ज्यादा फायदेमंद होता है। इससे शरीर को लंबे समय तक एनर्जी मिलती है।
- थकान के ये लक्षण दिखें तो जांच जरूर कराएं: अगर खानपान और लाइफस्टाइल सुधारने के बाद भी लगातार थकान बनी रहती है, तो डॉक्टर ने कुछ मेडिकल टेस्ट कराने की सलाह दी है।
- थायराइड की जांच जरूरी: डॉक्टर के अनुसार हाइपोथायरायडिज्म यानी थायराइड का कम काम करना शरीर की एनर्जी को काफी प्रभावित करता है। ऐसे में थायराइड टेस्ट कराना जरूरी हो सकता है।
- खून की कमी भी हो सकती है कारण: अगर शरीर में हीमोग्लोबिन कम है या एनीमिया की समस्या है, तो व्यक्ति लगातार थकान महसूस कर सकता है। इसलिए सीबीसी और हीमोग्लोबिन टेस्ट कराने की सलाह दी जाती है।



