Himachal Se: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के अजीमनगर में चोरी का एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक बढ़ई ने उस घर को निशाना बनाया, जहां उसने खुद अलमारी में गुप्त लॉकर बनाया था. आरोपी ने पहले घरवालों का भरोसा जीता, फिर उसी भरोसे का फायदा उठाकर करीब 30 लाख रुपये के जेवर और कैश पर हाथ साफ कर दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

मामले का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि अजीमनगर थाना क्षेत्र निवासी ताहिर अली ने नौ मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि उनके घर से सोनेचांदी के कीमती आभूषण और करीब 16 हजार रुपये नकद चोरी हो गए हैं. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली. साथ ही मुखबिरों और तकनीकी सबूतों की मदद से आरोपी तक पहुंच बनाई गई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस ने 10 मई को आरोपी मोसिम को नगलिया आकिल के पास से गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपी ने जो कहानी बताई, उसने सभी को हैरान कर दिया.
आरोपी मोसिम पेशे से बढ़ई है. करीब तीन महीने पहले ताहिर अली ने उसे अपने घर की अलमारी में एक गुप्त लॉकर बनाने के लिए बुलाया था. परिवार की इच्छा थी कि लॉकर ऐसा हो, जिसके बारे में किसी बाहरी व्यक्ति को जानकारी न हो. मोसिम ने अपनी कारीगरी से अलमारी में छिपा हुआ लॉकर तैयार कर दिया.
बढ़ई को कहां से आया लालच?
कुछ समय बाद लॉकर का लॉक खराब हो गया. इस पर ताहिर अली ने दोबारा मोसिम को घर बुलाकर उसे ठीक कराने को कहा. लॉक ठीक करते समय मोसिम ने लॉकर में रखे भारी मात्रा में सोनेचांदी के जेवर देख लिए. यहीं से उसके मन में चोरी की योजना बन गई. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने जल्दबाजी नहीं की. उसने लगातार तीन दिन तक घर की रेकी की और यह पता लगाया कि परिवार के लोग कब घर में रहते हैं और कब बाहर जाते हैं. सही मौका मिलने पर उसने घर में घुसकर गुप्त लॉकर से करीब 30 लाख रुपये के गहने और नकदी चोरी कर ली.
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने की अंगूठियां, चेन, हार, लॉकेट, टीका, नाक की नथ, चांदी की पाजेब, कड़े, घड़ी और नकदी बरामद की है. आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने 15 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की है.



