
Tikamgarh News: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक युवती मोबाइल टावर पर जा चढ़ी. मामला जतारा थाना क्षेत्र के बैरवार गांव का है. युवती का आरोप था कि उसका प्रेमी पिछले चार दिनों से उससे बात नहीं कर रहा है और उसने अपना फोन बंद कर लिया है. करीब 4 घंटे तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद प्रशासन ने जब प्रेमी को मौके पर बुलाया, तब जाकर युवती नीचे उतरी.
घटना रविवार सुबह करीब 5 बजे की है. ग्रामीणों ने बिजली टावर की ऊंचाई से किसी के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनीय जब लोग मौके पर पहुंचे, तो देखा कि गांव की एक युवती टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर चढ़ी हुई है और जोर-जोर से अपने प्रेमी का नाम पुकार रही है. देखते ही देखते वहां सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई. युवती अपने हाथ में मोबाइल लिए हुए थी और लगातार किसी को फोन लगाने की कोशिश कर रही थी.
शादी तय होने से नाराज था प्रेमी
परिजनों और युवक के बयानों से इस पूरे ड्रामे के पीछे की असल वजह सामने आई. युवती का गांव के ही स्वतंत्र यादव नाम के युवक के साथ पिछले 4 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था. युवती के फूफा ने बताया कि 21 अप्रैल को उसकी शादी कहीं और तय हो गई थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं.
प्रेमिका की शादी दूसरी जगह तय होने की खबर से प्रेमी स्वतंत्र नाराज था. उसने पिछले 4 दिनों से प्रेमिका से बात करना बंद कर दिया था और अपना मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया था. प्रेमी की इसी बेरुखी से आहत होकर युवती ने आत्मघाती कदम उठाने का फैसला किया और टावर पर चढ़ गई.
प्रेमी के आते ही मानी युवती
सूचना मिलते ही जतारा पुलिस और तहसीलदार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। युवती ने नीचे उतरने के लिए साफ शर्त रखी कि जब तक उसका प्रेमी वहां नहीं आएगा, वह नीचे नहीं उतरेगी. उसने धमकी दी कि यदि उसे जबरदस्ती उतारने की कोशिश की गई, तो वह ऊपर से कूद जाएगी. पुलिस ने आनन-फानन में प्रेमी स्वतंत्र यादव को ढूंढ निकाला और उसे टावर के नीचे लाया गया. प्रेमी को सामने देख और पुलिस के आश्वासन के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतरी.
‘मैं शादी के लिए तैयार हूं’
नीचे उतरने के बाद प्रेमी स्वतंत्र यादव ने अपना पक्ष रखते हुए कहा, ‘उसकी शादी तय हो गई थी, इसलिए मैं बात नहीं कर रहा था. लेकिन अगर वह मुझसे शादी करना चाहती है, तो मैं आज भी तैयार हूं.’ वहीं, पुलिस ने दोनों पक्षों को जतारा थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है. थाना प्रभारी एनएस ठाकुर ने बताया कि युवती को सुरक्षित बचा लिया गया है. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग और शादी टूटने के डर का लग रहा है. फिलहाल, दोनों पक्षों को समझाइश दी जा रही है और वैधानिक कार्रवाई की तैयारी है.


