
पाकिस्तान क्रिकेट में उठापटक अभी थमी नहीं है। इंग्लैंड के खिलाफ जारी टेस्ट सीरीज के बीच पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने राष्ट्रीय चयन समिति से मोहम्मद रिजवान और इमामउलहक को टेस्ट दल में शामिल किए जाने को लेकर जवाब मांग लिया है। मौजूद जानकारी के अनुसार, बोर्ड ने 31 अगस्त को चयन समिति के सदस्यों को नोटिस भेजकर दोनों खिलाड़ियों के चयन का आधार और इसके पीछे की वजह बताने को कहा है।
जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, चयन समिति के सदस्यों आकिब जावेद, मिस्बाहउलहक और असद शफीक समेत अन्य सदस्यों से लिखित जवाब मांगा गया है। उनसे यह बताने को कहा गया है कि रिजवान और इमाम के प्रदर्शन, चयन के तय मानकों और दूसरे पहलुओं को ध्यान में रखते हुए उन्हें इंग्लैंड सीरीज के लिए टेस्ट दल में जगह क्यों दी गई। सदस्यों को नोटिस मिलने के 24 घंटे के भीतर अपना जवाब देने का निर्देश दिया गया है।
गौरतलब है कि बोर्ड ने जिस चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाया है, वह 2 जून 2026 को हुई चयन समिति की बैठक से जुड़ी है। इस बैठक की कार्यवाही 1 जुलाई को बोर्ड के सामने रखी गई थी। समिति के सदस्यों को वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरों के लिए पाकिस्तान के टेस्ट दल पर विचार करना था। इसी प्रक्रिया में मोहम्मद रिजवान और इमामउलहक के नाम भी आगे बढ़ाए गए थे।
बोर्ड का यह कदम इंग्लैंड के खिलाफ पाकिस्तान के बेहद खराब प्रदर्शन के बाद आया है। तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में पाकिस्तान पहला मुकाबला पारी और 103 रन से हार गया था। इसके बाद लॉर्ड्स में खेले गए दूसरे टेस्ट में भी उसे 194 रन से शिकस्त मिली। इन दोनों हार के साथ इंग्लैंड ने सीरीज में 20 की अजेय बढ़त बना ली। इसके बाद रिजवान और इमाम को तीसरे टेस्ट से पहले दल से बाहर कर दिया गया। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। तीसरा मुकाबला 9 सितंबर से एजबेस्टन में खेला जाना है।
बता दें कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टेस्ट व्यवस्था में बड़ा बदलाव करते हुए एक दिन पहले ही सात खिलाड़ियों को दल से बाहर किया था। रिजवान और इमाम के अलावा सलमान अली आगा, अली उस्मान, आमिर जमाल, मुहम्मद आवैस जफर और खुर्रम शहजाद को भी बाहर किया गया है।
उनकी जगह साइम अयूब और अब्दुल्ला फजल जैसे टेस्ट अनुभव वाले बल्लेबाजों को शामिल किया गया है। इनके अलावा अराफात मिन्हास, मोहम्मद इमरान जूनियर, साद बैग, मोहम्मद इमरान और रजाउल्लाह को भी दल में जगह मिली है।
कोचिंग व्यवस्था में भी बड़ा फेरबदल हुआ है। मुख्य ट्रेनर सरफराज अहमद और गेंदबाजी प्रशिक्षक उमर गुल को जिम्मेदारी से हटा दिया गया है। सीमित ओवरों के मुख्य प्रशिक्षक माइक हेसन और गेंदबाजी ट्रेनर एश्ले नॉफ्के को इंग्लैंड दौरे के बाकी हिस्से की जिम्मेदारी दी गई है।
इस पूरे घटनाक्रम के बीच चयन समिति भी सवालों के घेरे में है। सूत्रों के मुताबिक मिस्बाहउलहक ने समिति से इस्तीफा देने का फैसला किया है और बोर्ड को इसकी जानकारी दे दी है। वह औपचारिक रूप से पद छोड़ने से पहले तय अवधि तक जिम्मेदारी निभाएंगे। ऐसे में पाकिस्तान क्रिकेट में चयन से लेकर कोचिंग व्यवस्था तक लगातार हो रहे बदलावों ने संकट को और गहरा कर दिया है।



