शेयर बाजार में लेंसकार्ट का सफर किसी शानदार कहानी से कम नहीं है. कभी बाजार में एक चैलेंजर के रूप में शुरुआत करने वाली इस कंपनी ने अब खुद को एक मजबूत मार्केट लीडर के रूप में स्थापित कर लिया है. ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने इस आईवियर रिटेलर के शेयरों पर बड़ा दांव खेला है. ब्रोकरेज ने शेयर पर ‘बाय’ की रेटिंग देते हुए कवरेज की शुरुआत की है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके साथ ही प्रति शेयर 888 रुपये का नया टारगेट प्राइस भी सेट किया है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर शेयर इस लक्ष्य तक पहुंचता है, तो पिछले क्लोजिंग प्राइस से निवेशकों को 40 फीसदी का मुनाफा मिल सकता है.

लेंसकार्ट का मास्टरप्लान
साल 2010 में अपने सफर की शुरुआत करने वाली ये कंपनी लंबी रेस का घोड़ा साबित हो रही है. नोमुरा की रिपोर्ट बताती है कि कंपनी की ग्रोथ का दौर बस अभी शुरू ही हुआ है. वित्त वर्ष 2026 के अंत तक लेंसकार्ट के स्टोर की संख्या करीब 2,700 तक पहुंच जाएगी. हालांकि, कंपनी का विजन काफी बड़ा है. अगले डेढ़ दशक के भीतर देश भर में 10,000 स्टोर खोलने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है. रिपोर्ट में बताया गया है कि अभी तक कंपनी ने अपनी क्षमता का केवल 27 फीसदी ही इस्तेमाल किया है. भारतीय आईवियर बाजार काफी हद तक असंगठित है. ऐसे में लेंसकार्ट पूरे बाजार में 5 फीसदी हिस्सेदारी के साथ सबसे आगे खड़ी है. खास बात ये है कि दूसरे नंबर के प्रतिद्वंद्वी के मुकाबले ये हिस्सेदारी दोगुनी है.
कम लागत से बंपर मुनाफा
नोमुरा के अनुसार लेंसकार्ट ने बाजार में अपना एक ऐसा मजबूत इकोसिस्टम तैयार कर लिया है, जो बेहद स्केलेबल और मुनाफे वाला है. कंपनी का बिजनेस मॉडल सेंट्रलाइज्ड मैन्युफैक्चरिंग से लेकर ग्राहकों तक सामान पहुंचाने तक फैला है. इसके ऑपरेशंस में तकनीक, डेटा बेस के साथ एआई का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल हो रहा है. इस एंडटूएंड वर्टिकल इंटीग्रेशन के कारण उद्योग के औसत के मुकाबले कंपनी की लागत 35 से 40 फीसदी तक कम हो जाती है. यही वजह है कि कंपनी लगातार मुनाफे के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रही है.
दिग्गज निवेशकों का लगा जमावड़ा
कंपनी से जुड़ी एक और बड़ी खबर इसे रफ्तार दे रही है. नुवामा अल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च की एक हालिया रिपोर्ट के मुताबिक लेंसकार्ट के शेयरों को जल्द ही MSCI इंडेक्स में जगह मिल सकती है. इंडेक्स में शामिल होने पर कंपनी में 352 मिलियन डॉलर का भारी निवेश आने की उम्मीद है. बीते हफ्ते शेयर में एक बड़े ब्लॉक डील की खबर भी सुर्खियों में रही. इसमें अल्फा वेव वेंचर्स ने अलगअलग ट्रांजैक्शन के जरिए 630 रुपये प्रति शेयर के भाव पर अपनी हिस्सेदारी बेची है. इस ब्लॉक डील में खरीदारी करने वालों में गोल्डमैन सैक्स बैंक यूरोप, मॉर्गन स्टेनली एशिया सिंगापुर, आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल, एसबीआई म्यूचुअल फंड, कोटक महिंद्रा, बजाज लाइफ इंश्योरेंस के साथ नेशनल पेंशन सिस्टम ट्रस्ट जैसे कई दिग्गज नाम शामिल रहे.
शेयर का अब तक का प्रदर्शन
लेंसकार्ट सॉल्यूशंस ने नवंबर 2025 में शेयर बाजार में अपना डेब्यू किया था. तब कंपनी ने फ्रेश इश्यू के साथ ऑफर फॉर सेल के जरिए कुल 7,278 करोड़ रुपये जुटाए थे. एनएसई पर इसके शेयर 402 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 395 रुपये पर लिस्ट हुए थे. वहीं बीएसई पर ये 390 रुपये पर खुले थे, जो इश्यू प्राइस से 3 फीसदी का डिस्काउंट था. हालांकि, खराब लिस्टिंग के बावजूद शेयरों ने निवेशकों को निराश नहीं किया. बीते एक महीने में ही शेयर 16 फीसदी उछल चुका है. साल 2026 में अब तक इसने निवेशकों की झोली में 46 फीसदी का शानदार रिटर्न डाला है.



