उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि बेटी के जन्म से लेकर पढ़ाई तक और आगे भी सरकार हमेशा उसके साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि हमने एक और व्यवस्था की है. हमारे लिए पहले ये काम बड़ा था कि रक्षाबंधन पर इस कार्यक्रम को करेंगे, अभी हम अक्टूबर या नवंबर में प्रदेश की 50,000 बेटियों को जो स्नातक की पढ़ाई कर रही हैं, एक स्कूटी उपलब्ध करवाने जा रहे हैं. इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधा और कहा कि यूपी में पहले पहचान का संकट था, आधी आबादी को न सुरक्षा थी, न सम्मान था, न स्वावलंबन था, तो हमारी आर्थिक स्थिति बदहाल होनी ही होनी थी.

सीएम योगी ने आगे कहा, ‘यूपी उस दौर को जब याद करता है, तो रोंगटे खड़े होते हैं. कहीं दंगे, कहीं कर्फ्यू, कहीं असुरक्षा, कहीं उपद्रव, हर योजना में बेईमानी और भ्रष्टाचार, लेकिन धर्म चक्र बदलता है. अगर उस समय उपद्रव था, तो पीएम मोदी के नेतृत्व में जब डबल इंजन की सरकार यूपी में आई, तो उपद्रव को उत्सव में बदल दिया गया है, कर्फ्यू और दंगा से मुक्त करके यूपी को चंगा बना दिया गया है. अब हर योजना का केंद्र बिंदु बेटी है, आधी आबादी है’.
उन्होंने कहा, ‘हमारा पहला संकल्प था उत्तर प्रदेश की बेटी को भयमुक्त वातावरण देंगे. उसे अपने विश्वास के दम पर खड़ा होने का पूरा अवसर देंगे और मुझे खुशी है कि हमने जो कहा था, बेटी को सुरक्षा की गारंटी देंगे, यह केवल एक फिजिकल सिक्योरिटी नहीं थी, यह मेंटल सिक्योरिटी भी थी, हेल्थ सिक्योरिटी भी थी’.
60 साल की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा का तोहफा
दरअसल, सीएम योगी ने 26 अगस्त को ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का उद्घाटन किया, जिसके तहत राज्य भर में 60 साल और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी. उन्होंने बुजुर्ग महिलाओं की सुविधा और सम्मान बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गई इस पहल को लेकर लखनऊ में विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मातृ शक्ति जिसने जीवन भर परिवार और समाज के मार्ग को सुगम बनाया है, उनकी इस यात्रा को सुगम और गरिमामय बनाने का हमारा संकल्प डबल वाली सरकार में साकार हो रहा है’. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं की आत्मनिर्भरता को मजबूत करने पर योजना के मुख्य उद्देश्य पर बल दिया.



