पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने बड़ा दांव चल दिया है. भाजपा ने शिरोमणि अकाली दल को गठबंधन में शामिल कर लिया है. 2020 में इन दोनों पार्टियों की राह अलग हो गई थी. गठबंधन के बाद अमित शाह ने यह भी एलान कर दिया कि अगर एनडीए चुनाव जीतता है, तो मुख्यमंत्री अकाली दल का ही होगा.

शाह ने कहा कि हम दोनों दलों ने पंजाब के कई मुद्दों पर चर्चा की है. हमारी प्राथमिकता नशा मुक्त पंजाब बनाना है. शाह ने टीवी9 के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि अकाली दल बड़े भाई की भूमिका में रहेगा.

अकाली दल का बनेगा सीएम

अमित शाह ने कहा कि दोनों दल मिलकर सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे. शाह ने स्पष्ट करते हुए कहा कि बड़ा भाई ही चीफ मिनिस्टर होता है.

शाह ने कहा कि 31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब को पूर्णतया नशे से मुक्त कर देंगे. आगामी तीन माह में पंजाब के किसानों की समस्या, पंजाब के आर्थिक विकास की चिंता और पंजाब के युवाओं के रोजगार की चिंता, इसके बारे में सुखबीर सिंह बादल और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के बीच तीन माह की लंबी चर्चा के बाद एक रोडमैप बना है. उस रोडमैप पर हमारे एनडीए की बनने वाली सरकार आगे बढ़ेगी.

जल्द होगा सीट बंटवारे का एलान

सीट बंटवारे को लेकर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, ‘जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने घोषणा की कि अकाली दल हमारे बड़े की भूमिका में रहेंगा और जब मैंने कहा कि स्वाभाविक गठबंधन है, तो सीटों के आंकड़े 117 रहेंगे और हम पूरी ताकत के साथ लड़ेंगे. आंकड़ों का गणित चीजों को देखकर किया जाता है और वो समय पर हम लोग करेंगे.’

अमित शाह ने पंजाब सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि वहां जो AAP पार्टी की सरकार चल रही है, वो एक तरह से वादाखिलाफी वाली सरकार है. इन्होंने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया है और पंजाब की जनता तय करके बैठी है कि जिन्होंने गुरुओं का अपमान किया है, वो सरकार और वो व्यक्ति, दोनों को हम सहन नहीं करेंगे. आज जब भाजपा और अकाली दल साथ में आ रहे हैं तो मुझे विश्वास है कि पंजाब की जनता का यह फैसला और मजबूत होगा और परिवर्तन होगा.

करतारपुर साहिब कॉरिडोर पर क्या बोले शाह?

अमित शाह ने कहा कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर ऑपरेशन सिंदूर के बाद अस्थाई तौर पर बंद हो गया था. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इस यात्रा की शुरुआत मोदी सरकार ने ही की थी. जैसे ही माहौल बनता है, हम उसको शुरू करेंगे.

शाह ने गठबंधन पर जवाब देते हुए कहा कि देरी इसलिए हुई, क्योंकि हम लंबे काल तक का गठबंधन चाहते थे. बहुत सारे विषयों पर जहां हमारे बीच अलगअलग मत थे, जिसपर हमने एक कॉमन कंसेंसस बनाया ताकि हम लंबी दूरी तय कर सकें.

वहीं सुखवीर बादल ने कहा कि मैंने गृहमंत्री और बीजेपी नेतृत्व से किसानों के हर एक मुद्दे पर चर्चा किया है. सारी समस्याओं को हम मिलकर खत्म करेंगे.