Featured Image

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एक निजी अस्पताल की महिलाकर्मी को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि परिचित युवक महिला पर जबरन रिश्ता बनाने का दबाव डाल रहा था। जब उसने इनकार किया तो युवक ने महिला का स्नैपचैट अकाउंट हैक कर लिया और वहां से निजी तस्वीरें हासिल कर लीं।

इसके बाद एडिट कर अश्लील फोटो बनाया और महिला के माता-पिता और भाई को भेज दिया। आरोपी अब इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर परेशान कर रहा था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पीड़िता की शिकायत पर पीजीआई पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिश्ता बनाने का दबाव डाल रहा था परिचित युवक

जानकारी के मुताबिक पीड़िता मूल रूप से बिहार की रहने वाली है और लखनऊ के पीजीआई क्षेत्र में एक निजी अस्पताल में काम करती है। उसने दिल्ली निवासी विशाल नाम के युवक के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है।

महिला का आरोप है कि विशाल उसका पहले से परिचित था। वह उस पर जबरन रिश्ता बनाने का दबाव डाल रहा था लेकिन महिला इसके लिए तैयार नहीं थी। विरोध करने के बाद भी युवक उसे परेशान करता रहा। इसके बाद उसने महिला की निजी तस्वीरों का इस्तेमाल कर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

30 अक्टूबर को हैक किया Snapchat, फिर तस्वीरों से की छेड़छाड़

पीड़िता के मुताबिक 30 अक्टूबर को आरोपी ने उसका स्नैपचैट अकाउंट हैक कर लिया। इसके बाद अकाउंट से उसकी तस्वीरें निकाल लीं और उन्हें एडिट करके अश्लील बना दिया। आरोप है कि जब महिला ने युवक की बात मानने से इनकार किया तो उसने एडिट की गई तस्वीरें महिला के माता-पिता और भाई के मोबाइल नंबर पर भेज दीं।

इसके बाद युवक ने तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देना शुरू कर दिया। महिला का कहना है कि आरोपी लगातार उसे मानसिक रूप से परेशान कर रहा है। उसकी धमकियों के कारण वह इतनी डरी हुई है कि अब घर से अस्पताल आने-जाने में भी डर महसूस करती है।