Cyclone Arnab Update: चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से देशभर में मौसम अचानक बदल गया है. चक्रवात आंध्र प्रदेश के तट पर कहर गिरा रहा है. ओडिशा में भी चक्रवात के असर से मूसलाधार बारिश, तेज हवाओं और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. ओडिशा में 30 हजार से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है. ऐसा चक्रवात के खतरे को देखते हुए किया गया है. बुधवार को राज्य के पूरे दक्षिणी क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी है.

आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि दक्षिणी ओडिशा के सभी जिले चक्रवात से प्रभावित हो सकते हैं. इसका सबसे अधिक प्रभाव मलकानगिरि में दिख सकता है. चक्रवात फिलहाल आंध्र प्रदेश में है और दोपहर बाद इसके ओडिशा पहुंचने की संभावना है. कर्मियों और उपकरणों की उन इलाकों में तैनाती की गई है, जो संवेदनशील हैं. संवेदनशील स्थानों पर 313 राहत एवं बचाव दल तैनात किए गए हैं.

इन जिलों पर सरकार का खास ध्यान

इनमें ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल के 60, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के नौ और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं के 244 दल शामिल हैं. दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर पेड़ उखड़ने की खबरें मिली हैं. मंत्री ने बताया कि किसी बड़े नुकसान की जानकारी नहीं मिली है. सरकार ने गंजाम, गजपति, रायगड़ा, कोरापुट, मलकानगिरि और नबरंगपुर जिलों पर मुख्य ध्यान रखा हुआ है.

इन जिलों में निचले इलाकों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से लोगों को राहत शिविरों में ले जाया जा रहा है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। आज राज्य के 30 में से 16 जिलों में स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद हैं. प्रशासन की ओर से 2,037 चक्रवात आश्रय स्थल तैयार किए गए हैं. इन आश्रय स्थलों पर भोजन, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं का इंतजाम है. कालाहांडी, कंधमाल और नुआपाड़ा जिलों में भी सतर्कता बरती जा रही है.

इन जिलों में जारी किया गया रेड अलर्ट

कोरापुट, रायगड़ा, गजपति और गंजाम जिलों में चक्रवात के बाहरी प्रभाव के कारण लगातार बारिश और तेज हवाएं चल रही हैं. आईएमडी ने मलकानगिरि, कोरापुट, नबरंगपुर, रायगड़ा, गजपति और कालाहांडी जिलों में अत्यधिक भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर रेड अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है.

बरगढ़, सोनपुर, बौध, नुआपाड़ा, बोलांगीर, कंधमाल, पुरी, खुर्दा और नयागढ़ जिलों में भी भारी से बहुत भारी बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है. सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा और बरगढ़ जिलों के लिए 29 अक्टूबर को भारी बारिश और तेज हवाओं की आशंका के मद्देनजर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.