
विशाखापत्तनम। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित स्टील प्लांट क्वार्टर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक परिवार ने अपने घर के बाथरूम के कमोड में एक बड़े जीव को फंसा हुआ देखा। शुरुआत में परिवार के लोगों को लगा कि यह सांप है, जिसके बाद उन्होंने तुरंत बाथरूम बंद कर दिया और सांप पकड़ने वाले को बुलाया।
घटना सेक्टर-8 स्थित स्टील प्लांट क्वार्टर की है। परिवार के सदस्यों को बाथरूम से लगातार अजीब आवाजें सुनाई दे रही थीं। जब उन्होंने जांच की तो आवाज कमोड के भीतर से आती महसूस हुई। अंदर झांकने पर उन्हें सांप जैसा जीव दिखाई दिया, जिससे परिवार के लोग घबरा गए।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे विशेषज्ञ ने कमोड की जांच की तो पता चला कि वह सांप नहीं बल्कि विषखोपड़ा (मॉनिटर लिजार्ड) था। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। संकरी जगह में फंसे होने के कारण उसे बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था। करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित तरीके से बाहर निकाल लिया गया।
विषखोपड़ा के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली। विशेषज्ञों के अनुसार, विषखोपड़ा की कुछ प्रजातियां 5 से 6 फीट तक लंबी हो सकती हैं। यह तेजी से दौड़ने, पेड़ों पर चढ़ने और तैरने में भी सक्षम होता है। सामान्य परिस्थितियों में यह इंसानों पर हमला नहीं करता, लेकिन खतरा महसूस होने पर आक्रामक हो सकता है।
वन्यजीव विशेषज्ञों ने बताया कि विषखोपड़ा भारत में संरक्षित वन्यजीवों की श्रेणी में शामिल है। वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत इसका शिकार करना, पकड़ना, मारना, अंडों का संग्रह करना या तस्करी करना दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर तीन से सात वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है।


