
नई दिल्ली: असम पुलिस मंगलवार को कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची। दिल्ली पुलिस की मौजूदगी में असम पुलिस ने पवन खेड़ा के घर छानबीन भी की। इस दौरान पवन खेड़ा घर में मौजूद नहीं थे। इससे असम के साथ दिल्ली की सियासत भी गरमा गई। कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने कहा कि हिमंत बिस्वा सरमा घबरा गए हैं, इसलिए पुलिस भेजकर डराने की कोशिश कर रही है। इस बीच सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि उन्हें असम पुलिस के एक्शन की जानकारी नहीं है, संभवत: कांग्रेस नेता हैदराबाद में छिपे हैं। बाद में एक अन्य बयान में उन्होंने कहा कि असम पुलिस पाताल से भी ढूंढकर लोगों को ला सकती है।
रिंकी भुइंया सरमा के ऊपर लगाए थे आरोप
बता दें कि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया था कि असम के सीएम की पत्नी रिंकी भुइंया सरमा के पास तीन विदेशी पासपोर्ट हैं और उनके नाम से कई कंपनियां विदेशों में रजिस्टर्ड है। उनके खिलाफ रिंकी भुइंया ने असम पुलिस से शिकायत की गई थी। असम पुलिस के एसीपी देबोजित नाथ ने बताया कि पवन खेड़ा के खिलाफ गुवाहाटी के क्राइम ब्रांच पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज किया गया है। इस मामले के सिलसिले में उनकी तलाश थी। हम उन्हें ढूंढने आए थे, लेकिन वे नहीं मिले और उनके घर की तलाशी ली गई। हमें कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिली है, जिसका खुलासा इस समय नहीं किया जा सकता। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ज़ब्त कर लिए गए हैं। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। अभी उनके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी नहीं है, लेकिन उन्हें ढूंढ लिया जाएगा।
हिमंत बोले, खरगे पगला गए हैं
मंगलवार को कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे और पवन खेड़ा के आरोपों पर हिमंत बिस्व सरमा ने कई बयान दिए। जब उनसे पूछा गया कि खरगे फर्जी पासपोर्ट के मामले में विदेश मंत्री से पूछताछ करेंगे तो सीएम हिमंत ने कहा कि कोई भी आरोप लगाने से पहले उन्हें विदेश मंत्री से पूछना चाहिए था। खड़गे जी की उम्र हो गई है, फिर भी वे पागलों जैसी बातें करते हैं। असम पुलिस को वह नहीं जानते हैं, पाताल से भी लोगों को ढूंढकर ले आ सकती है। उन्होंने कहा कि मुझे शक है कि राहुल गांधी ने ही उन्हें ये दस्तावेज दिए हैं। यह मुकदमा राहुल गांधी तक जाएगा। उन्होंने चेतावनी के लहजे में कहा कि हमें डराने की कोशिश मत करो। यह असम है और हमने 17 बार इस्लामी आक्रमण के खिलाफ लड़ाई लड़ी है।
कांग्रेस नेताओं ने की आलोचना
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा के घर असम पुलिस की मौजूदगी पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा ने हिमंत बिस्व सरमा और उनके परिवार के खिलाफ सबूतों के साथ गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्हें इसका जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल किया कि असम पुलिस दिल्ली में किसे डराने की कोशिश कर रही है? हिमंत जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं और अपनी पुलिस भेजकर आप साबित कर रहे हैं कि आप घबरा गए हैं।
मल्लिकार्जुन खरगे ने भी तोड़ी चुप्पी
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि इस केस में जो होगा, उसे देखेंगे। कोई डरता नहीं है। हमने ईडी, इनकम टैक्स और सीबीआई के तंग करने के तरीके देखे हैं। कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि कोई भी प्रवक्ता यदि कुछ कहता है तो वह अपने मन से कुछ नहीं बोलता बल्कि पार्टी की ओर से बोलता है। अगर किसी प्रवक्ता के खिलाफ एफआईआर होती है तो यह गैरकानूनी है। बीजेपी के नेता हम पर रोज आरोप लगाते हैं। हमें भी उन पर रोज एफआईआर करा देनी चाहिए। राजनीति में ऐसा नहीं होता है।






