: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय निशानेबाज नीरू ढांडा ने महिला व्यक्तिगत ट्रैप शूटिंग  में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने फाइनल में 30 में से 28 सटीक निशाने लगाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ वह एशियन गेम्स में महिला व्यक्तिगत ट्रैप का गोल्ड जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं।

हरियाणा के जींद जिले की रहने वाली 26 वर्षीय नीरू भारतीय सेना में नायब सूबेदार हैं। उन्होंने परिवार से प्रेरणा लेकर शूटिंग शुरू की थी। आर्थिक चुनौतियों और शुरुआती संघर्ष के बाद नीरू ने अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी में अपनी पहचान बनाई। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। एशियन गेम्स में गोल्ड से पहले वह ISSF वर्ल्ड कप में भी स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं।

कौन हैं नीरू ढांडा?

नीरू ढांडा हरियाणा के जींद जिले की रहने वाली भारतीय ट्रैप शूटर हैं। वह भारतीय सेना की कोर ऑफ मिलिट्री पुलिस में नायब सूबेदार के पद पर तैनात हैं। वह मध्य प्रदेश के महू स्थित आर्मी मार्क्समैनशिप यूनिट में निशानेबाजी की ट्रेनिंग करती हैं।

नीरू ने अपनी पहचान महिला ट्रैप शूटिंग में बनाई है। साल 2026 में उन्होंने पहले ISSF वर्ल्ड कप और अब एशियन गेम्स में व्यक्तिगत गोल्ड मेडल जीतकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में दो बड़ी उपलब्धियां दर्ज की हैं।

भाई को देखकर शुरू किया शूटिंग का सफर

नीरू ढांडा को निशानेबाजी में आने की प्रेरणा अपने कजिन लक्ष्य श्योराण से मिली थी। लक्ष्य खुद अंतरराष्ट्रीय ट्रैप शूटर हैं और उन्होंने 2018 के एशियन गेम्स में पुरुष ट्रैप स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीता था।

नीरू ने शुरुआती दौर में परिवार की मदद से निशानेबाजी का अभ्यास किया। इसके बाद उन्होंने मध्य प्रदेश की शूटिंग अकादमी में ट्रायल दिया और चयन होने के बाद पेशेवर ट्रेनिंग शुरू की। परिवार से मिली प्रेरणा और लगातार अभ्यास ने उनके शूटिंग करियर को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई।

एशियन गेम्स में 28 निशाने लगाकर रचा इतिहास

जापान के आइचीनागोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में नीरू ने महिला व्यक्तिगत ट्रैप के क्वालिफिकेशन और फाइनल, दोनों में शीर्ष स्थान हासिल किया। फाइनल में उन्होंने 28 का स्कोर बनाकर गोल्ड मेडल जीता और नया एशियन रिकॉर्ड कायम किया। यह मौजूदा एशियन गेम्स में भारत का पहला व्यक्तिगत और कुल पांचवां गोल्ड मेडल है।

एशियन गेम्स में एक दिन में जीते दो मेडल

व्यक्तिगत गोल्ड से पहले नीरू ने महिला ट्रैप टीम इवेंट में भी सिल्वर मेडल हासिल किया। उन्होंने मनीषा कीर और आशिमा अहलावत के साथ मिलकर भारत के लिए टीम स्पर्धा में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस तरह नीरू ने एक ही एशियन गेम्स में दो पदक अपने नाम किए।

वर्ल्ड कप में भी गोल्ड जीत चुकी हैं नीरू

नीरू ने जुलाई 2026 में इटली के लोनाटो में आयोजित ISSF शॉटगन वर्ल्ड कप में महिला ट्रैप का गोल्ड जीता था। वह यह उपलब्धि हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला बनी थीं। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 125 में से 121 और फाइनल में 30 में से 27 का स्कोर किया था। इससे पहले वह 2025 की एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में भी गोल्ड जीत चुकी हैं।

हरियाणा से मध्य प्रदेश और फिर अंतरराष्ट्रीय मंच तक

नीरू के परिवार की जड़ें हरियाणा के जींद जिले में हैं, लेकिन उनका परिवार कई साल पहले मध्य प्रदेश के शिवपुरी में बस गया था। शुरुआती ट्रेनिंग के बाद मध्य प्रदेश शूटिंग अकादमी और भारतीय सेना से मिले सहयोग ने उनके करियर को आगे बढ़ाया। वह खेलो इंडिया से भी जुड़ी रही हैं और टारगेट ओलंपिक पोडियम स्कीम के डेवलपमेंट ग्रुप का हिस्सा हैं।