Jaipur Paramotoring: राजस्थान के जयपुर को पिंक सिटी यानी गुलाबी शहर के नाम से जाना जाता है. यहां हमेशा पर्यटकों का जमावड़ा लगा रहता है. जयपुर में हवा महल समेत घूमने के लिए कई जगहें हैं. यहां पर कई एडवेंचर एक्टिविटीज भी कराई जाती हैं. अब यहां पर्यटकों को एडवेंचर एक्टिविटी का नया विकल्प मिल गया है. जयपुर के कूकस में पैरामोटरिंग की शुरुआत की गई है.

इसमें पर्यटक पायलट के साथ बैठकर मोटर से उड़ान भरने का आंनंद ले सकेंगे. इस दौरान पर्यटक 1500 फीट की ऊंचाई से अरावली की पहाड़ियों और आसपास के इलाके का हवाई व्यू देख सकेंगे. दिल्ली हाइवे पर डेंटल कॉलेज के पास खुले मैदान से टकऑफ होगा. फिलहाल पर्यटकों को सनराइज और सनसेट के समय ही राइड कराई जाएगी. नितिन पाठक ने जयपुर में इस एक्टिविटी की शुरुआत की है.
कितना है किराया और क्या है समय?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नितिन ने कहा कि सर्दियां बढ़ने के साथ पूरे दिन राइड शुरू की जाएगी. पर्यटकों के लिए ये पूरी राइड 6 से 15 किलोमीटर तक होगी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। 6 से 8 किलोमीटर का किराया 35 हजार रुपये है. 12 से 15 किलोमीटर की राइड का किराया 55 हजार रुपये तय किया गया है. पर्यटक सुबह 5 से 9 और शाम को 5 से 6:30 बजे तक राइड का आनंद ले सकते हैं.
क्या हैं शर्ते?
इस एक्टिविटी को सात साल से कम के बच्चे नहीं कर सकते हैं. पैरामोटरिंग का आंनद सात से अधिक के बच्चे और लोग ही ले सकते हैं. वजन की बात करे तो 15 से 100 किलो तक के पर्यटक पैरामोटरिंग कर सकते हैं. पैरामोटरिंग में उपयोग के जाने वाले इंजन और ग्लाइडर समेत उपकरण इटली से लाए गए हैं. पायलट एपीपीआई और एसीआई प्रमाणित हैं.
एयरस्पेस के लिए संबंधित अथॉरिटी से रोजाना मंजूरी और क्लीयरेंस लिया जाता है. स्थानीय स्तर पर भी जरूरी अनुमतियां ली गई हैं. राइड के लिए एक करोड़ रुपये का थर्ड पार्टी लायबिलिटी इंश्योरेंस लिया गया है. रूट में इमरजेसी लैंडिंग के विकल्प भी रखे गए हैं.



