Agricultural Land Registry: अगर आप खेती करने के लिए जमीन खरीदने की सोच रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए है। जमीन खरीदने से पहले कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। जमीन खरीदते समय दस्तावेजों की सही तरीके से जांच नहीं करने पर भविष्य में कानूनी विवाद का सामना करना पड़ सकता है। इससे न केवल आर्थिक नुकसान हो सकता है, बल्कि जमीन के मालिकाना हक को लेकर कोर्ट और तहसील के चक्कर भी लगाने पड़ सकते हैं।

जमीन की रजिस्ट्री कराने से पहले उसके सरकारी रिकॉर्ड, सहखातेदारों की सहमति, पुराने कर्ज और कानूनी विवाद जैसी बातों की जांच करना जरूरी है। खेती की जमीन खरीदते समय इन पांच बातों का विशेष ध्यान रखें…

खसरा से जांचें जमीन का मालिकाना हक

कृषि भूमि खरीदने से पहले उसके खसरा और खतौनी रिकॉर्ड की जांच जरूर करें। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। संबंधित सरकारी पोर्टल पर देखें कि जमीन किसके नाम पर दर्ज है और विक्रेता को उसे बेचने का कानूनी अधिकार है या नहीं। केवल कागजी दस्तावेज देखकर जमीन का सौदा करना सही नहीं है, क्योंकि कई बार सरकारी रिकॉर्ड और प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों में अंतर हो सकता है।

इसलिए रजिस्ट्री से पहले जमीन के रिकॉर्ड का मिलान करें। जरूरत पड़ने पर संबंधित राजस्व विभाग या तहसील कार्यालय से भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

सहखातेदारों की सहमति जरुरी

अगर जमीन पैतृक संपत्ति है या उसमें कई लोगों का हिस्सा दर्ज है, तो खरीदने से पहले सभी सहखातेदारों और कानूनी वारिसों के अधिकारों की जांच जरूर कर लें। यह सुनिश्चित करें कि विक्रेता जमीन में अपने हिस्से से अधिक जमीन बेचने की कोशिश तो नहीं कर रहा है।

जहां आवश्यक हो, वहां संबंधित सभी पक्षों की सहमति और वैध दस्तावेज प्राप्त करें। अगर ऐसा नहीं किया तो भविष्य में दूसरे हिस्सेदार जमीन पर अपना दावा भी कर सकते हैं।

जमीन पर पुराने बैंक कर्ज की जांच करें

खेती की जमीन खरीदने से पहले यह पता लगाना जरूरी है कि उस पर किसी बैंक या वित्तीय संस्था का कर्ज तो बकाया नहीं है। कई बार किसान जमीन के बदले किसान क्रेडिट कार्ड या अन्य कृषि ऋण लेते हैं। ऐसे में जमीन पर बैंक का बंधक या अन्य वित्तीय देनदारी हो सकती है।

अगर बिना जांच किए जमीन खरीद ली जाती है, तो आगे चलकर कर्ज और जमीन के अधिकार को लेकर परेशानी हो सकती है। इसलिए संबंधित बैंक से जानकारी लें और कर्ज होने की स्थिति में उसके निपटारे तथा जमीन को बंधक से मुक्त कराने की प्रक्रिया सुनिश्चित करें।

रिकॉर्ड जरूर जांचें

जमीन खरीदने से पहले यह पता करें कि उसके संबंध में कोई मुकदमा, पारिवारिक विवाद, आपत्ति या अन्य कानूनी मामला तो नहीं चल रहा है। कई बार जमीन के मालिकाना हक को लेकर मामला अदालत या राजस्व विभाग में लंबित होता है।

ऐसी जमीन खरीदने पर खरीदार को लंबे समय तक कोर्ट के चक्कर लगाने पड़ सकते हैं। इसलिए संबंधित राजस्व रिकॉर्ड, उपलब्ध न्यायिक जानकारी और जमीन के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों की जांच कराएं। जरूरत पड़ने पर किसी अनुभवी वकील की मदद लें।

जमीन की सीमाओं की पुष्टि करें

जमीन की रजिस्ट्री कराने से पहले उसकी वास्तविक पैमाइश जरूर कराएं। सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज रकबे और मौके पर मौजूद जमीन का मिलान करना जरूरी है। साथ ही यह भी जांचें कि जमीन की सीमाएं कहां तक हैं और आसपास के खेतों के साथ किसी तरह का विवाद तो नहीं है।

कई बार दस्तावेजों में जमीन का रकबा कुछ और होता है, जबकि मौके पर कब्जे की स्थिति अलग मिलती है। इसलिए संबंधित राजस्व अधिकारी या अधिकृत अमले की मदद से जमीन की सीमाओं और रकबे की पुष्टि कराएं। इससे भविष्य में पड़ोसियों या अन्य लोगों के साथ विवाद होने की आशंका कम हो सकती है।

रजिस्ट्री से पहले इन बातों का रखें ध्यान

1. खेती की जमीन खरीदना एक बड़ा आर्थिक फैसला है। इसलिए केवल विक्रेता की बातों पर भरोसा करके जल्दबाजी में रजिस्ट्री न कराएं।

2. जमीन के दस्तावेज, मालिकाना हक, सहखातेदारों के अधिकार, पुराने कर्ज, कानूनी विवाद और वास्तविक पैमाइश की जांच जरूर करें।

3. ध्यान रखें कि जमीन की रजिस्ट्री हो जाना अपने आप में हर तरह के मालिकाना विवाद से सुरक्षा की गारंटी नहीं है।

4. संबंधित राज्य के नियमों और जमीन की स्थिति के अनुसार प्रक्रिया अलग हो सकती है। किसी भी सौदे से पहले स्थानीय वकील और राजस्व विभाग से सलाह लेना बेहतर रहेगा।