Featured Image

झारखंड के जामताड़ा जिले में घरेलू विवाद के बाद एक पति ने कथित तौर पर अपनी पत्नी की हत्या कर दी. इसके बाद उसने चाकू से अपना गला काटकर खुद को भी घायल कर लिया. घटना नारायणपुर थाना क्षेत्र के नौहथिया गांव की है. मृतका की पहचान बसंती देवी और आरोपी पति की पहचान मनोज रजवार के रूप में हुई है. आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.

खाना खाने के बाद शुरू हुआ विवाद

परिजनों के मुताबिक, मनोज गुरुवार सुबह करीब 10 बजे एक रिश्तेदार के घर से लौटा था. रात में खाना खाने के बाद किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई. आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मनोज ने पहले पत्नी को बिजली का करंट लगाया और फिर टांगी से उसके सिर और पेट पर कई वार कर दिए. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। गंभीर चोट लगने से बसंती देवी की मौके पर ही मौत हो गई.

मायके में घर की बातें बताने से नाराज था पति

परिजनों का आरोप है कि मनोज इस बात को लेकर पत्नी से नाराज रहता था कि वह मायके में घर की बातें बताती है. इसी मुद्दे पर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। परिवार के लोगों के मुताबिक, मनोज पहले भी झगड़े के दौरान पत्नी को जान से मारने की धमकी दे चुका था.

नौ बेटियों की मां थी बसंती देवी

बसंती देवी और मनोज की नौ बेटियां हैं. इनमें से दो की शादी हो चुकी है, जबकि सात बेटियां अभी घर पर ही रहती हैं. मां की मौत से परिवार में मातम पसरा है और बेटियों का रो-रोकर बुरा हाल है.

आरोपी अस्पताल में भर्ती, पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने पर नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने बसंती देवी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. वहीं, घायल मनोज को हिरासत में लेकर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है.

थाना प्रभारी मुराद हसन के मुताबिक, पुलिस को घटना की जानकारी देर रात करीब 12 से 1 बजे के बीच मिली थी. आरोपी को हिरासत में लेकर इलाज कराया जा रहा है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. घरेलू विवाद में हुई इस वारदात से पूरे गांव में शोक का माहौल है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है.