
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में शनिवार को दो ऐसे मामले आए जिससे हड़कंप मच गया। रोहिणी सेक्टर 18 मेट्रो स्टेशन पर बम की धमकी मिली। इस अलर्ट के बाद, बम निरोधक दस्ता और बम डिटेक्शन टीम, CISF जवानों के साथ, तुरंत मौके पर पहुंची और मेट्रो स्टेशन परिसर का मुआयना किया। हालांकि, वहां कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। उधर, DMRC के एक अधिकारी ने बताया कि मेट्रो सेवा पर इसका कोई असर नहीं पड़ा।
वहीं इससे अलग एक घटना में, इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर महिलाओं के टॉयलेट में एक लाश मिलने से हड़कंप मच गया। पुलिस ने बताया कि टॉयलेट अंदर से बंद था। इसे किसी तरह दरवाजा तोड़कर खोला गया। पुलिस को शक है कि मृतक शायद उस वॉशरूम सर्विस का केयरटेकर रहा होगा।
रोहिणी सेक्टर 18 मेट्रो स्टेशन पर बम की धमकी
रोहिणी सेक्टर 18 मेट्रो स्टेशन पर शनिवार शाम बम की धमकी वाले एक फोन कॉल से सुरक्षा को लेकर हड़कंप मच गया, लेकिन गहन जांच के बाद कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। दिल्ली पुलिस के अनुसार, मेट्रो स्टेशन पर बम होने की आशंका के संबंध में शाम लगभग 5:30 बजे सूचना प्राप्त हुई। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ते के जवान केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे और परिसर की व्यापक तलाशी ली।
जांच में नहीं मिला कुछ भी संदिग्ध: पुलिस
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस ने इस फर्जी कॉल करने के संदेह में एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि वह व्यक्ति मानसिक रूप से अस्वस्थ है। जैसे ही बम की अफवाह सामने आई स्थिति पर तुरंत काबू पा लिया गया और मेट्रो स्टेशन पर सामान्य परिचालन बिना किसी बाधा के जारी रहा।
मेट्रो स्टेशन पर महिला टॉयलेट से मिला शव
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के इंद्रलोक मेट्रो स्टेशन पर महिला शौचालय से शनिवार को एक पुरुष का शव मिला है। पुलिस ने बताया कि शौचालय का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने बताया कि शाम लगभग 5.33 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) को फोन कॉल पर सूचना मिली कि मेट्रो स्टेशन के अंदर सुलभ परिसर में स्थित महिलाओं का शौचालय अंदर से बंद है और उससे तेज दुर्गंध आ रही है।
40 वर्षीय शख्स का शव मिलने से सनसनी
इस सूचना के बाद मेट्रो पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा। अंदर करीब 40 साल के व्यक्ति का शव मिला। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक शौचालय का देखभाल करने वाला प्रतीत होता है। एक चश्मदीद ने बताया कि उसे आखिरी बार लगभग दो दिन पहले देखा गया था। दिल्ली मेट्रो अधिकारियों और अन्य स्रोतों की मदद से मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।