हरियाणा के सोनीपत में बीते 72 घंटे बड़े भारी गुजरे हैं. इन 72 घंटों में 4 लोगों की हत्या हुई है. इनमें दो वारदातें तो मंगलवार को ही हुई हैं. जिले में लगातार सामने आ रही हत्या की घटनाओं से कानून व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं. हालांकि पुलिस सभी मामलों की गंभीरता से जांच का दावा कर रही है. बावजूद इसके, आम लोगों में दहशत की स्थिति बनी हुई है.

ताजा मामला सोनीपत के लिवान गांव का है. यहां शराब के नशे में दो लोगों में झगड़ा हुआ. इसमें एक युवक ने दूसरे की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. यह दोनों राई एचएसआईआईडीसी स्थित एक दाल फैक्ट्री में मजदूरी करते थे. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
यूपी का रहने वाला था मृतक
पुलिस के मुताबिक मृत युवक की पहचान उत्तर प्रदेश में महाराजगंज के रहने वाले करण यादव के रूप में हुई है. जबकि आरोपी की पहचान नेपाल के रहने वाले राजकुमार के रूप में हुई है. दोनों नाइट ड्यूटी करने के बाद सुबह फैक्ट्री से निकले थे. रास्ते में ठेके से दोनों ने शराब खरीदी और अपने कमरे पर पहुंचकर पीने लगे. इसी दौरान दोनों में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और राजकुमार ने करण पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी.
जांच में जुटी पुलिस
एसीपी विपिन कादयान के मुताबिक लिवान गांव में करण यादव की चाकू मारकर हत्या हुई है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक राई एचएसआईडीसी स्थित एक दाल फैक्ट्री में काम करते थे. शराब पीने के दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ था. इसी दौरान आरोपी ने करण पर चाकू से हमला किया.
रोड रेज में मारी गोली
दूसरी घटना गोहाना में हुई. यहां डेबैक आउटलेट कैथल के मैनेजर प्रह्लाद और उसका साथी हरिओम कैथल से रोहतक की तरफ जा रहे थे. अल सुबह करीब ढाई बजे जब उनकी गाड़ी जम्मूकटरा हाईवे पर रूखी टोल से पहले खेड़ा खेड़ी गांव के पास पहुंची तो दूसरी गाड़ी में सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी.प्रह्लाद और उसके साथी ने आपत्ति की तो आरोपियों ने प्रह्लाद को गोली मार दी.
खेत में मिला कैंटर चालक का शव
अभी बीती रात गांव ताजपुर निवासी मुकेश उर्फ मच्छर की हत्या हुई थी. मुकेश कैंटर चालक थे. बताया जा रहा है कि उसका शव गांव के खेत में पड़ा मिला. मुकेश के सिर पर चोट के गहरे निशान थे. पास में ही एक लकड़ी का डंडा भी बरामद हुआ है. पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है.



