Bareilly PWD guest house tariffs: उत्तर प्रदेश के बरेली के लोक निर्माण विभाग के डाक बंगले, सर्किट हाउस और निरीक्षण भवनों में ठहरने के लिए अब लोगों को पहले के मुकाबले ज्यादा किराया देना होगा. विभाग ने अलगअलग श्रेणी के लोगों के लिए नई दरें लागू की हैं. इसके साथ ही कमरे की बुकिंग और किराये का भुगतान ऑनलाइन करने की सुविधा भी शुरू कर दी गई है.

नई व्यवस्था का उद्देश्य बुकिंग प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाना है. पहले डाक बंगले में कमरा लेने के लिए लोगों को सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में आवेदन देना पड़ता था. इसके बाद जिलाधिकारी स्तर से अनुमति मिलने पर कमरा बुक होता था. इस प्रक्रिया में लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे. अब ऑनलाइन व्यवस्था शुरू होने से यह परेशानी कम होगी.

वेबसाइट पर जाकर कर सकेंगे बुकिंग

पीडब्ल्यूडी के डाक बंगले या गेस्ट हाउस में कमरा लेने के लिए लोग www.guesthouse.uppwd.gov.in पर जाकर ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे. विभागीय सुइट को छोड़कर अन्य कमरों की बुकिंग ऑनलाइन की जा सकेगी. किराये का भुगतान भी ऑनलाइन ही करना होगा. हालांकि, जरूरत के अनुसार मैनुअल आवेदन की व्यवस्था भी रहेगी.

बरेली में पीडब्ल्यूडी के सर्किट हाउस में दो एनेक्सी भवन और एक सामान्य गेस्ट हाउस है. इसके अलावा पीडब्ल्यूडी कार्यालय के बाहर दो डाक बंगले हैं. देवरनिया, बहेड़ी, शाही और फतेहगंज पश्चिमी में भी विभाग के डाक बंगले हैं.

आम लोगों और पर्यटकों के लिए सबसे ज्यादा बढ़ा किराया

नई दरों में आम आदमी और पर्यटकों के लिए सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की गई है. पहले एसी कमरे का किराया 460 रुपये प्रतिदिन था, जो अब बढ़कर 2500 रुपये हो गया है. नॉन एसी कमरे के लिए अब 2000 रुपये देने होंगे, जबकि पहले यह किराया 220 रुपये था. विदेशी पर्यटकों के लिए एसी कमरे का किराया 660 रुपये से बढ़ाकर 3500 और नॉन एसी कमरे का किराया 420 से बढ़ाकर 2500 रुपये कर दिया गया है.

ड्यूटी पर रहने वाले अधिकारियों के लिए एसी कमरे का किराया अब 500 और नॉन एसी का 300 रुपये प्रतिदिन होगा. सात दिन से अधिक ठहरने पर यह दर 700 और 500 रुपये होगी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। निजी काम से ठहरने वाले अधिकारियों के लिए एसी कमरे का किराया 800 और नॉन एसी का 600 रुपये प्रतिदिन निर्धारित किया गया है. सात दिन से अधिक ठहरने पर एसी कमरे के लिए 1000 और नॉन एसी के लिए 800 रुपये प्रतिदिन देने होंगे.

मंत्री और जनप्रतिनिधि भी किराया देंगे

नई व्यवस्था में मंत्री और कई जनप्रतिनिधियों के लिए भी किराया तय किया गया है. मंत्री, आयोगों के अध्यक्षउपाध्यक्ष, विधानसभा अध्यक्षउपाध्यक्ष और अन्य निर्धारित पदों पर रहने वाले लोगों के लिए एसी कमरे का किराया 300 और नॉन एसी का 200 रुपये होगा. पूर्व सांसद और एमएलसी के लिए एसी कमरा 800 और नॉन एसी 600 रुपये में मिलेगा. विधायक और एमएलसी के लिए यह दर 300 और 200 रुपये होगी.

पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता भगत सिंह के मुताबिक, ऑनलाइन बुकिंग से लोगों को कार्यालयों और अधिकारियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. इससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुविधाजनक होगी.