Featured Image

बेटी के निकाह की खुशियों के बीच एक पिता ने शायद ही सोचा होगा कि कुछ ही घंटों में उसके परिवार को इतना बड़ा सदमा झेलना पड़ेगा। झांसी में भोपाल से आई बरात का लड़की वालों ने धूमधाम से स्वागत किया। निकाह की रस्म भी पूरी हो गई और दुल्हन विदाई की तैयारी में थी। लेकिन तभी दूल्हे ने ऐसी मांग रख दी, जिसने शादी की खुशियों को विवाद में बदल दिया। आरोप है कि उसने दुल्हन पक्ष से 45 लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग की। लड़की वालों ने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई तो विवाद बढ़ गया। इसी बीच दुल्हन के पिता की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें अस्पताल ले जाया गया और आरोप है कि मौका मिलते ही दूल्हा अपने परिवार और बरातियों के साथ विवाह घर से गायब हो गया।

मामला झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र के अलीगोल खिड़की बाहर इलाके का है। यहां रहने वाले रिजवान की बहन का रिश्ता मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के दिलखुश बाग निवासी एक युवक के साथ तय हुआ था। दोनों परिवारों की रजामंदी के बाद शनिवार रात शिवपुरी रोड स्थित एक विवाह घर में निकाह का कार्यक्रम रखा गया था। तय कार्यक्रम के मुताबिक भोपाल से बरात झांसी पहुंची। लड़की पक्ष ने बरातियों का स्वागत किया और शादी की सभी रस्में निभाई गईं। इसके बाद मौलाना की मौजूदगी में दूल्हा-दुल्हन का निकाह भी संपन्न हो गया। परिवार को उम्मीद थी कि अब खुशी-खुशी दुल्हन की विदाई होगी, लेकिन निकाह के बाद ही पूरा मामला बिगड़ गया।

45 लाख रुपये और बुलेट की मांग पर बिगड़ी बात

दुल्हन पक्ष का आरोप है कि निकाह के तुरंत बाद दूल्हे ने 45 लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग रख दी। अचानक इतनी बड़ी मांग सुनकर लड़की वाले हैरान रह गए। परिवार ने अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए इतनी रकम और मोटरसाइकिल देने में असमर्थता जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। काफी देर तक बातचीत और समझौते की कोशिशें होती रहीं, लेकिन विवाद खत्म नहीं हुआ।

इसी तनाव के बीच दुल्हन के पिता इरफान की तबीयत बिगड़ गई। उनके सीने में तेज दर्द होने लगा। परिजन बिना देर किए उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। लड़की पक्ष का आरोप है कि पिता के अस्पताल पहुंचते ही दूल्हा और उसके परिजन बरातियों के साथ विवाह घर छोड़कर चले गए।

शादी के जोड़े में इंतजार करती रही दुल्हन

उधर, दुल्हन हाथों में मेहंदी लगाए और शादी के जोड़े में सजी दूल्हे का इंतजार करती रही। परिवार को उम्मीद थी कि बातचीत के बाद मामला सुलझ जाएगा और दूल्हा वापस लौटेगा, लेकिन रातभर इंतजार करने के बावजूद उसकी तरफ से कोई संपर्क नहीं किया गया।इसके बाद परेशान लड़की पक्ष सीपरी बाजार थाने पहुंचा और लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। थाना प्रभारी जयप्रकाश चौबे के मुताबिक, लड़की पक्ष की ओर से प्रार्थना पत्र मिला है। फिलहाल दोनों पक्षों के बीच समझौते को लेकर बातचीत चल रही है। यदि सहमति नहीं बनती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।