बिहार के भोजपुर जिले में शारदीय नवरात्र की महानवमी के दिन हत्या की दो वारदातों से हड़कंप मच गया. चांदी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में भांजे की हत्या का बदला लेने के लिए 72 साल के बुजुर्ग की लोहे के रॉड से पीटपीटकर हत्या कर दी गई. हमले में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गईं. वहीं, आरा के इब्राहिम नगर मोहल्ले में 19 साल के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. दोनों घटनाओं के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

पहली घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे चांदी थाना क्षेत्र के विशुनपुर गांव में हुई. यहां बसंत सिंह और उनकी पत्नी कुसुम देवी पर लोहे के रॉड से हमला किया गया. हमले में गंभीर रूप से घायल बसंत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस के मुताबिक, रामाशंकर सिंह के भांजे शांतनु कुमार की 16 अक्टूबर की रात पवना बाजार में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड में बसंत सिंह के नाती अश्विनी कुमार सिंह उर्फ मोलू पर आरोप लगा था. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शांतनु की हत्या का बदला लेने के लिए रामाशंकर सिंह ने बुजुर्ग दंपती पर हमला किया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित रामाशंकर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. हत्या में इस्तेमाल लोहे का रॉड भी बरामद किया गया है. सूचना मिलने पर चांदी थानाध्यक्ष सुमीत कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. एफएसएल टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए. सदर एसडीपीओ2 रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
इब्राहिम नगर में युवक को सीने के पास मारी गोली
हत्या की दूसरी वारदात सोमवार शाम करीब 6:40 बजे आरा के नगर थाना क्षेत्र स्थित इब्राहिम नगर मोहल्ले में हुई. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। कृष्णागढ़ थाना क्षेत्र के गुंडी गांव निवासी अभिषेक कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई. गोली उसके सीने के पास लगी थी. पुलिस उसे आननफानन में सदर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.
अभिषेक पढ़ाई के साथ नौकरी की तैयारी भी कर रहा था. महानवमी के मौके पर वह अपनी छोटी बहन के घर इब्राहिम नगर के धरहरा इलाके में आया था. इसी दौरान उसे गोली मार दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए.
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ1 सुशील कुमार और इंस्पेक्टर देवराज राय मौके पर पहुंचे. एफएसएल टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. पुलिस के अनुसार, सचिन उर्फ छोटे यादव के साथ विवाद की बात सामने आई है. एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.



