नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने केंद्र सरकार पर सीजेपी के साथ हुए समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से यह भरोसा दिया गया था कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कोई पुलिस कार्रवाई नहीं होगी, लेकिन बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली समेत कई राज्यों में छात्रों और वॉलंटियर्स पर कार्रवाई जारी है।

आशुतोष रांका ने कहा कि बिहार और पश्चिम बंगाल में सैकड़ों छात्रों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दिल्ली और अन्य राज्यों में प्रदर्शन से जुड़े लोगों की निगरानी की जा रही है और उन्हें कथित तौर पर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली में प्रदर्शनकारियों को लॉजिस्टिक सहायता देने वाले कई वॉलंटियर्स को भी हिरासत में लिया गया है।

FIR वापस लेने और रिहाई की मांग
कॉकरोच जनता पार्टी ने मांग की है कि प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी एफआईआर तत्काल वापस ली जाएं, गिरफ्तार छात्रों को बिना शर्त रिहा किया जाए और भविष्य में दिल्ली पुलिस, केंद्रीय जांच एजेंसियों और बीजेपीशासित राज्यों की पुलिस किसी भी प्रदर्शनकारी के खिलाफ नया मामला दर्ज न करे। पार्टी का कहना है कि यही पहले हुए समझौते की मूल भावना थी।

लिखित समझौता और टाइमलाइन सार्वजनिक करने की मांग
रांका ने यह भी मांग की कि कानूनी मामलों से जुड़ा लिखित समझौता और भारत सरकार के साथ तय की गई पूरी टाइमलाइन 24 घंटे के भीतर सार्वजनिक कर उनके संगठन को उपलब्ध कराई जाए। उनका कहना है कि इससे यह स्पष्ट होगा कि सरकार अपने वादों पर कितनी गंभीर है।

दोबारा आंदोलन करने की चेतावनी
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने इन मांगों पर तत्काल कार्रवाई नहीं की और समझौते का पालन सुनिश्चित नहीं किया, तो संगठन दोबारा बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन शुरू करने के लिए मजबूर होगा। फिलहाल सरकार या संबंधित एजेंसियों की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं।