Jamshedpur Road Accident: झारखंड में जमशेदपुर के सोनारी इलाके में गुरुवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हुआ। मरीन ड्राइव पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खराब हालत में खड़े ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गई और पूरी तरह डैमेज हो गई। हादसे में कार सवार 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में झारखंड सरकार की मंत्री दीपिका पांडे सिंह की बेटी तृषा सिंह भी शामिल हैं।

गैस कटर से कार काटकर निकाले शव
हादसे की जानकारी मिलने के बाद डीएसपी सीसीआर मनोज ठाकुर, सोनारी थाना प्रभारी संजय सुमन समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। कार बुरी तरह ट्रक में फंस गई थी, इसलिए शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बचाव दल ने गैस कटर की मदद से कार को काटा और अंदर फंसे चारों शवों को बाहर निकाला। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया।
खराब होने की वजह से सड़क पर खड़ा था ट्रक
पुलिस के मुताबिक मृतकों की पहचान सार्थक अग्रवाल, नमन गुप्ता, वंशिका खंडेलवाल और तृषा सिंह के रूप में हुई है। अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा ने बताया कि जिस ट्रक से कार टकराई, वह बुधवार रात करीब 10 बजे खराब होने के बाद सड़क पर खड़ा था। सुबह करीब 3 बजे तेज रफ्तार कार पीछे से ट्रक में जा घुसी। टक्कर के बाद कार सवार चारों लोगों की जान चली गई।
हादसे की जांच शुरू
हादसे के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और रात के अंधेरे को संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस यह भी पता कर रही है कि सड़क पर खड़े ट्रक के पीछे चेतावनी संकेत या सुरक्षा व्यवस्था थी या नहीं। हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।



