तेलंगाना के सिद्दीपेट जिले में फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनाकर इंश्योरेंस के पैसे हड़पने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां जिंदा लोगों को सरकारी रिकॉर्ड में मृत दिखाकर उनके नाम से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किए गए. फिर इन प्रमाण पत्रों के आधार पर इंश्योरेंस कंपनियों से लाखों रुपये की रकम क्लेम करने का आरोप है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस पूरे खेल में सरकारी डिजिटल सिग्नेचर सिस्टम का दुरुपयोग किया गया. मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है. इनमें एक पूर्व पंचायत सचिव और दूसरा हैदराबाद का इंटरनेट सेंटर संचालक है.

इस मामले में चेरियाल मंडल के रामपुर ग्राम पंचायत में पंचायत सचिव के पद पर काम कर चुके भूक्या मधु और हैदराबाद के इंटरनेट सेंटर संचालक रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया गया है. आरोप है कि पंचायत सचिव रहते हुए भूक्या मधु को सरकारी कामकाज के लिए ईसाइन डोंगल दिया गया था. इस डोंगल के जरिए सरकारी डिजिटल सिग्नेचर का इस्तेमाल किया जा सकता था. आरोप है कि मधु ने नियमों को ताक पर रखकर यह डोंगल निजी व्यक्ति रमेश को बेच दिया. इसके बाद रमेश ने पंचायत सचिव के डिजिटल सिग्नेचर का इस्तेमाल कर फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किए.

फरवरी 2026 से अब तक 22 फर्जी सर्टिफिकेट

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फरवरी 2026 से अब तक करीब 22 फर्जी डेथ सर्टिफिकेट बनाए गए हैं. इनमें ऐसे लोगों को मृत दिखाया गया, जो वास्तव में जिंदा हैं. इन प्रमाण पत्रों का इस्तेमाल करके इंश्योरेंस क्लेम किए जाने की बात भी सामने आई है. जांच में यह आशंका जताई गई है कि इस घोटाले के पीछे सुनियोजित साजिश थी. बताया जा रहा है कि पहले परिवार के सदस्यों के नाम पर इंश्योरेंस पॉलिसी ली जाती थी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। इसके बाद उनके जिंदा रहते हुए ही फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा दिए जाते थे. फिर इन दस्तावेजों को इंश्योरेंस कंपनियों में जमा कर बीमा की रकम हासिल करने का प्रयास किया जाता था.

पंचायत सचिव को भी कमीशन मिलने का शक

इस पूरे मामले में पंचायत सचिव रहे भूक्या मधु की भूमिका भी जांच के दायरे में है. आरोप है कि सरकारी डिजिटल सिग्नेचर का दुरुपयोग करने के बदले उसे भी कमीशन मिला था. हालांकि, इस घोटाले में कितने लोग शामिल हैं और अब तक कितनी रकम का इंश्योरेंस क्लेम किया गया है, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

MPDO कार्यालय की शिकायत पर केस दर्ज

घोटाले का खुलासा होने के बाद चेरियाल मंडल परिषद विकास अधिकारी कार्यालय की ओर से मंडल पंचायत अधिकारी ने चेरियाल पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर पुलिस ने भूक्या मधु और रमेश के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के पीछे और कौनकौन लोग शामिल हैं. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इन प्रमाण पत्रों के आधार पर कितने इंश्योरेंस क्लेम किए गए और सरकारी डिजिटल सिग्नेचर का कहीं और भी दुरुपयोग तो नहीं हुआ. पुलिस को आशंका है कि जांच आगे बढ़ने पर इस घोटाले से जुड़े कई और खुलासे हो सकते हैं.