Featured Image

दिल्ली-हरियाणा के अपराध जगत में गोगी गैंग का नाम लंबे समय से चर्चा में रहा है. इस गैंग का नाम गैंगस्टर जितेंद्र मान उर्फ गोगी से जुड़ा है, जिसकी 24 सितंबर 2021 को दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. गोगी और गैंगस्टर सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया के बीच पुरानी दुश्मनी थी, जो कॉलेज के दिनों की प्रतिद्वंद्विता से शुरू होकर बाद में हिंसक गैंगवार में बदल गई.

अब 2026 में हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की शामली में हत्या के बाद एक बार फिर गोगी गैंग का नाम सामने आया है. पुलिस के मुताबिक, अंकित की हत्या के मामले में दो संदिग्ध शूटरों को मुठभेड़ में मार गिराया गया है और दोनों को गोगी गैंग से जुड़ा बताया गया है.

पुलिस जांच में हत्या की एक संभावित वजह अंकित के एक गाने ‘कोर्ट में गोली’ को लेकर गैंग की कथित नाराजगी को बताया जा रहा है. हालांकि, इस मामले में सामने आए सोशल मीडिया दावों और हत्या के पूरे मकसद की जांच अभी जारी है.

कौन था जितेंद्र मान उर्फ गोगी?

जितेंद्र मान उर्फ गोगी दिल्ली का कुख्यात गैंगस्टर था. उसका आपराधिक नेटवर्क दिल्ली और हरियाणा के कई इलाकों में सक्रिय रहा. उसके गिरोह का नाम हत्या, रंगदारी और दूसरे गंभीर आपराधिक मामलों से जुड़ा रहा है. गोगी और सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया के गिरोह के बीच लंबे समय तक दुश्मनी चली.

  • जितेंद्र मान उर्फ गोगी स्वामी श्रद्धानंद कॉलेज का छात्र था और 2010 के दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र चुनाव से जुड़ी गैंगवार में उसका नाम सामने आया.
  • अप्रैल 2020 में गिरफ्तारी के समय गोगी पर हत्या, हत्या की कोशिश, रंगदारी, डकैती और लूट समेत 19 मामले दर्ज थे.
  • गोगी पर हरियाणवी सिंगर हर्षिता दहिया की हत्या में शामिल होने का भी आरोप था। माना गया कि यह हत्या उसके जीजा के साथ मिलीभगत में की गई थी.
  • गोगी पर अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया के सहयोगी देवेंद्र उर्फ प्रधान की अलीपुर में हत्या का भी आरोप था.
  • गोगी और उसके साथियों पर स्वरूप नगर स्कूल के बाहर MCD स्कूल टीचर दीपक की हत्या का आरोप लगा.
  • 2018 में दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में टिल्लू के सहयोगी रवि भारद्वाज की हत्या में भी गोगी का नाम सामने आया.
  • अक्टूबर 2019 में नरेला में BSP नेता वीरेंद्र मान की हत्या में भी गोगी और उसके साथियों की भूमिका होने का आरोप था.
  • गोगी अपने साथियों की मदद से पुलिस हिरासत से तीन बार भागने में कामयाब रहा था.
  • दिल्ली और हरियाणा सरकार ने गोगी पर 7 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था.
  • रिपोर्टों के मुताबिक, दोनों (टिल्लू) के बीच विवाद की शुरुआत कॉलेज के दिनों में हुई थी. बाद में यह व्यक्तिगत और छात्र राजनीति की प्रतिद्वंद्विता से आगे बढ़कर गैंगवार में बदल गया. इस संघर्ष ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में कई हिंसक घटनाओं को जन्म दिया.

2021 में रोहिणी कोर्ट में गोगी की हत्या..

गोगी की कहानी का सबसे चर्चित अध्याय 24 सितंबर 2021 को सामने आया. उस दिन उसे दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था. इसी दौरान दो हमलावर वकीलों के भेष में कोर्ट परिसर में पहुंचे और गोगी पर गोलियां चला दीं. पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों हमलावर भी मारे गए. बाद की जांच में इन हमलावरों को टिल्लू ताजपुरिया के गिरोह से जोड़ा गया. इस घटना ने दिल्ली की अदालतों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए थे.

यानी जिस गोगी गैंग का नाम आज अंकित बालियान हत्याकांड में सामने आ रहा है, उसके सरगना की खुद एक बेहद हाई-प्रोफाइल कोर्ट शूटआउट में हत्या हुई थी.

गोगी की मौत के बाद खत्म नहीं हुआ नेटवर्क?

गोगी की मौत के साथ उसका नाम अपराध की दुनिया से पूरी तरह गायब नहीं हुआ. उसके सहयोगियों और कथित नेटवर्क से जुड़े लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई बाद के वर्षों में भी होती रही. 2025 में दिल्ली पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई में गोगी और टिल्लू गैंग से जुड़े कई लोगों को गिरफ्तार किए जाने की जानकारी सामने आई थी. वहीं 2026 में भी दिल्ली पुलिस ने गोगी गैंग से जुड़े बताए जा रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की है. इससे संकेत मिलता है कि गोगी की मौत के बाद भी उसके नाम से जुड़ा आपराधिक नेटवर्क पूरी तरह खत्म नहीं हुआ.

गोगी-टिल्लू की दुश्मनी और आगे की कहानी..

गोगी की हत्या के बाद भी दोनों गैंग से जुड़ा संघर्ष खत्म नहीं हुआ. मई 2023 में टिल्लू ताजपुरिया की तिहाड़ जेल में हत्या कर दी गई. इस हत्या को लंबे समय से चले आ रहे गोगी-टिल्लू विवाद के बदले की कार्रवाई के एंगल से भी देखा गया.

यानी जिस गैंगवार की एक बड़ी कड़ी 2021 में रोहिणी कोर्ट में गोगी की हत्या थी, उसका असर टिल्लू की मौत तक दिखाई देता रहा. 2026 में भी दिल्ली पुलिस की रिपोर्टों में गोगी और टिल्लू से जुड़े नेटवर्क के बीच हिंसक टकराव की आशंका और गतिविधियों का जिक्र सामने आया है.

अब अंकित बालियान हत्याकांड में क्यों आया गोगी गैंग का नाम?

26 अगस्त 2026 को हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की उत्तर प्रदेश के शामली में जिम के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई. हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें कथित तौर पर गोगी गैंग की ओर से हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया.

इस पोस्ट में आरोप लगाया गया कि अंकित ने गोगी से जुड़ी एक घटना पर गाना बनाया था और वह गैंग के विरोधियों का समर्थन करता था. हालांकि, शुरुआती दौर में पुलिस ने इस सोशल मीडिया पोस्ट की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं की थी और इसकी जांच की जा रही थी.

एक गाने को लेकर क्या था विवाद?

अब पुलिस की जांच में गाने का एंगल ज्यादा स्पष्ट होकर सामने आया है. शामली पुलिस के मुताबिक, गोगी गैंग से जुड़े लोगों ने अंकित से एक ऐसा गाना नहीं बनाने को कहा था, जिसे वे अपने गैंग का अपमान मान रहे थे.

पुलिस ने क्या कहा?

पुलिस के मुताबिक, अंकित ने उनकी बात नहीं मानी. बाद में यह गाना टिल्लू ताजपुरिया के समर्थन से जुड़ गया. पुलिस का कहना है कि चूंकि टिल्लू और अंकित दोनों का ‘बालियान’ गोत्र था, गैंग से जुड़े लोगों ने इसे अपने खिलाफ या अपमान के तौर पर लिया.

SP नरेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, बाद में मामले को लेकर सफाई भी हुई थी, लेकिन इसके बावजूद अंकित को निशाना बनाए जाने की बात सामने आई है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त को आरोपियों को मौका मिला और हत्या कर दी गई.

अंकित की हत्या के दो संदिग्ध शूटर मुठभेड़ में मारे गए

अंकित हत्याकांड की जांच के दौरान पुलिस ने रात में जिले में बैरिकेडिंग और वाहन चेकिंग बढ़ाई. सोमवार सुबह पुलिस की अलग-अलग टीमों ने दो संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की. पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों ने पुलिस पर गोली चलाई. जवाबी कार्रवाई के बाद दोनों मारे गए. उनकी पहचान सोनीपत के रहने वाले मोहित और सुमित के रूप में हुई है. पुलिस ने दोनों को अंकित की हत्या से जुड़ा शूटर और गोगी गैंग से संबंधित बताया है.

कौन चला रहा है इस ग्रुप को अब?

शामली पुलिस के मुताबिक, अंकित हत्याकांड का कथित मास्टरमाइंड राहुल उर्फ भोला है, जो गोगी गैंग का गुर्गा है और सोनीपत का रहने वाला है. पुलिस का दावा है कि वह स्नैपचैट के जरिए पूरी कार्रवाई को कथित तौर पर संचालित कर रहा था. इस गैंग को अब जेल में बंद गैंगस्टर दीपक बॉक्सर चला रहा है.

पुलिस के मुताबिक, राहुल हरियाणा में भी वांछित है और उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना पर इनाम घोषित किया गया है. इस दावे की आगे की जांच में उसकी भूमिका और दूसरे आरोपियों से संपर्क की पुष्टि की जानी है.