दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में जबरन प्रदर्शन और कानूनव्यवस्था के उल्लंघन की कोशिशों के मामले में 20 से ज्यादा प्राथमिकी दर्ज की हैं. यह कार्रवाई मुख्य रूप से कॉकरोच जनता पार्टी और अन्य युवा संगठनों द्वारा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन के विरोध में बुलाए गए प्रदर्शन के बाद की गई है.

जानकारी के मुताबिक राजधानी में कानूनव्यवस्था बिगाड़ने, सरकारी काम में बाधा डालने और पुलिसकर्मियों पर हमले के आरोपों से जुड़े मामलों में दिल्ली पुलिस ने 20 से अधिक FIR दर्ज की हैं. प्रदर्शन के दौरान कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ दिल्ली पुलिस सख्ती बरत रही है. बताया जा रहा है कि कनॉट पैलेस, कर्तव्य पाथ, बाराखंबा समेत कई थानों में FIR दर्ज की गई है. वहीं वायरल वीडियो और CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर हुड़दंगियों की पहचान की जा रही है.

पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात

रविवार को लगातार दूसरे दिन भी राजधानी में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. CJP ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर रविवार सुबह 10 बजे जंतरमंतर पर फिर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है.प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए दिल्ली में 30 हजार से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती की तैयारी है. दिल्ली पुलिस ने रविवार को प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है.

प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया

इससे पहले शनिवार को प्रदर्शनकारियों को जंतरमंतर पहुंचने से रोकने के लिए बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई थी. इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों को हिरासत में लिया गया था. पुलिस ने शनिवार को प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था. इसके बाद दिल्ली की सीमाओं, रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनलों और अन्य परिवहन केंद्रों सहित संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है.

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नजर

सुरक्षा व्यवस्था संभालने में दिल्ली पुलिस की सहायता के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 120 से अधिक कंपनियों को तैनात किया गया है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। नई दिल्ली जिले को 20 जोन में विभाजित किया गया है, जहां संयुक्त आयुक्त, उपायुक्त और अतिरिक्त उपायुक्त जमीनी स्तर पर स्थिति पर नजर रख रहे हैं. राष्ट्रीय राजधानी की सीमाओं पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, जबकि होटलों, गेस्ट हाउसों, लॉजों और धर्मशालाओं में वाहनों की जांच और सत्यापन तेज कर दिया गया है. पुलिस प्रदर्शनकारियों को लामबंद करने के प्रयासों की पहचान करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी नजर रख रही है.

लोगों से शांति बनाए रखने की अपील

पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और सुरक्षाकर्मियों के साथ सहयोग करने की अपील की है. वहीं यात्रियों को यात्रा से पहले आधिकारिक घोषणाओं को देखने की सलाह दी गई है, क्योंकि स्थिति के अनुसार यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू किए जा सकते हैं.

यातायात बाधित होने की आशंका

रविवार को प्रदर्शन से पहले, दिल्ली यातायात पुलिस ने नई दिल्ली और मध्य दिल्ली में यातायात बाधित होने की आशंका जताई है. रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और हवाई अड्डे की ओर जाने वाले यात्रियों को सलाह दी गई है कि वो अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें और प्रभावित क्षेत्रों से गैरजरूरी यात्रा से बचें.

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग

वहीं CJP का कहना है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं के खिलाफ उसका अभियान जारी रहेगा. पार्टी ने मांगें पूरी होने तक कई राज्यों में आंदोलन जारी रखने की बात कही है. CJP मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है.