
UP Vindhya Expressway: उत्तर प्रदेश में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए विंध्य एक्सप्रेसवे का निर्माण कराया जा रहा है. करीब 26,315 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह एक्सप्रेसवे विंध्य क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार देगा. इसके निर्माण के लिए भदोही जिले के 58 गांवों की करीब 400 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जाएगी. इससे लगभग 16 हजार किसान प्रभावित होंगे, जिन्हें जमीन के बदले सर्किल रेट से चार गुना तक मुआवजा दिए जाने की जानकारी दी गई है.
भदोही के 58 गांवों से गुजरेगा एक्सप्रेसवे
विंध्य एक्सप्रेसवे प्रयागराज के हंडिया से शुरू होकर भदोही जिले के दुर्गागंज में प्रवेश करेगा. इसके बाद यह मिर्जापुर होते हुए सोनभद्र तक जाएगा. भदोही जिले में इस एक्सप्रेसवे की लंबाई करीब 35 किलोमीटर होगी. यह छह लेन का एक्सप्रेसवे होगा. उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) की ओर से भदोही जिले में करीब 400 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित करने की प्रक्रिया की जा रही है. इसमें लगभग 90 प्रतिशत जमीन कृषि क्षेत्र की है. जिले में एक्सप्रेसवे का एक कट बनाया जाएगा, जो जिला मुख्यालय के पास चकमान सिंह कांवल गांव में होगा. इससे आसपास के लोगों को एक्सप्रेसवे पर चढ़ने और उतरने की सुविधा मिलेगी.
किसानों को मिलेगा चार गुना मुआवजा
विंध्य एक्सप्रेसवे के लिए भदोही, ज्ञानपुर और औराई तहसील के कुल 58 गांवों की जमीन ली जाएगी. इस प्रक्रिया से करीब 16 हजार किसान प्रभावित होंगे. रिपोर्ट के मुताबिक, अधिग्रहित जमीन के लिए किसानों को सर्किल रेट से चार गुना अधिक मुआवजा देने का प्रावधान है. इस परियोजना के लिए शासन की ओर से मुआवजे के लिए 1,900 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी की गई है. इससे जमीन की खरीद और मुआवजा वितरण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद मिलेगी. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। हालांकि, किसानों को मिलने वाली वास्तविक राशि उनकी जमीन और निर्धारित मुआवजा दर के आधार पर तय होगी.
इन गांवों से होकर गुजरेगा विंध्य एक्सप्रेसवे
भदोही तहसील के अभोली, सरायभाव सिंह, एकौनी, भोरी, कसौड़ा, खरगपुर, बहरैची, कपुरीपुर, चंवर, बीरापुर, घटमापुर, आनंदडीह, सराय होला, गंगारामपुर, भटेवरा, महजूदा, चकबसुही और चकधरनी गांव इस परियोजना में शामिल हैं. वहीं, ज्ञानपुर तहसील के गजधरा, जयसिंहपुर, चकमानसिंह कांवल, मानकपुर, श्रीपुर, भगवानपुर, मेढ़ी, हरीपट्टी, शुकुलपुर, पकरी कला, वारी, पूरे गड़ेरिया, चक सिखारी, भुसौला, गिरधरपुर, लक्ष्मणपट्टी, कला खुर्द और चक कौलपति गांवों से भी एक्सप्रेसवे गुजरेगा. इसके अलावा औराई तहसील के बैरी खास, अछबर, हेवतपुर, गरौली, नकटापुर, सेउर, जयरामपुर, माधोसिंह, कालियापुर, पीपरगांव, महथुवा, अहरपुर, लसमणिया, गौरी और मुकुंदपट्टी गांव भी इसके दायरे में आएंगे.
व्यापार और पर्यटन को मिलेगी रफ्तार
विंध्य एक्सप्रेसवे बनने से प्रयागराज, भदोही, मिर्जापुर और सोनभद्र के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है. इससे विंध्य क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. साथ ही भदोही के कालीन उद्योग, स्थानीय कारोबार, पर्यटन और माल ढुलाई को भी बढ़ावा मिल सकता है. इस परियोजना का लाभ केवल सफर तक सीमित नहीं रहेगा. बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों और रोजगार के नए अवसर विकसित होने की संभावना है. खासकर भदोही जैसे व्यापारिक जिले के लिए यह एक्सप्रेसवे महत्वपूर्ण साबित हो सकता है.



