झारखंड के खूंटी जिले में अपराधियों ने संत मिखाइल स्कूल के परिसर में घुसकर फादर बेनेडिक्ट बारला उर्फ फादर बेनी को गोली मार दी. गोली मारने के बाद अपराधियों ने धारदार हथियार से वार भी किया. इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पहले खूंटी के अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया. उनकी हालत क्रिटिकल बताई जा रही है. स्कूल परिसर में हुई इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

फादर बेनेडिक्ट बारला वर्ष 2009 से संत मिखाइल स्कूल में सेवा दे रहे हैं. शुरुआती अज्ञात हमलावरों ने स्कूल परिसर में घुसकर उनके कमरे में हमला किया. वह खून से लथपथ कमरे में पड़े मिले. आशंका है कि वारदात देर रात या सोमवार सुबह के शुरुआती घंटों में हुई.

कमरे में बिखरा मिला सामान

स्कूल के स्टाफ फादर अनिल कुमार होरो ने बताया कि सुबह उन्हें सूचना मिली कि फादर बेनेडिक्ट बारला अपने कमरे में संदिग्ध हालत में बेहोश पड़े हैं. इसके बाद स्कूल के दूसरे कर्मचारी उनके कमरे में पहुंचे. वहां सामान अस्तव्यस्त और बिखरा हुआ था. फादर बारला खून से लथपथ हालत में बेहोश मिले.

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और घायल फादर को अस्पताल पहुंचाया गया. उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेज दिया. फिलहाल हमले की वजह और घटनाक्रम को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है.

एसपी और एसडीपीओ मौके पर पहुंचे, SIT गठित

घटना की सूचना मिलते ही खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग, एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा और विभिन्न थानों की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी. घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. इसके अलावा, जिस कमरे में फादर घायल अवस्था में मिले थे, वहां भी सबूत जुटाए जा रहे हैं.

खूंटी के एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि पुलिस को सुबह करीब 9 बजे संत मिखाइल स्कूल के फादर पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा हमला किए जाने की सूचना मिली थी. पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को बेहतर इलाज के लिए रिम्स भेजने की व्यवस्था की. मामले की जांच के लिए विशेष जांच टीम गठित की गई है.

हमले के पीछे कौन, पुलिस सभी एंगल से कर रही जांच

पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमले के पीछे किसका हाथ है और इसकी वजह क्या हो सकती है. ये खबर आप हिमाचल से में पढ़ रहे हैं। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि वारदात को किसी बाहरी व्यक्ति ने अंजाम दिया या स्कूल से जुड़े किसी व्यक्ति की इसमें भूमिका है. फिलहाल किसी आरोपी की पहचान या गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है.